लखनऊ को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के प्रयासों को मिली नई दिशा

लखनऊ नगर निगम द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत शिवरी स्थित ठोस अपशिष्ट प्रोसेसिंग प्लांट पर एक नई पहल की गई। इस योजना के अंतर्गत नगर में प्रतिदिन उत्पन्न होने वाले लगभग 2000 मीट्रिक टन कूड़े के निस्तारण के लिए द्वितीय चरण में 700 मीट्रिक टन क्षमता के प्रसंस्करण संयंत्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में महापौर  सुषमा खर्कवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता  नीरज सिंह, और 25 से अधिक पार्षदों की उपस्थिति रही।महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने इस अवसर पर नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और मेसर्स भूमि ग्रीन एनर्जी संस्था एवं समस्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस ठोस अपशिष्ट प्रबंधन योजना के तहत शहर में जनित ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रसंस्करण का कार्य सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे शहर को कूड़ा मुक्त और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा।नए फ्रेश वेस्ट प्रसंस्करण संयंत्र के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि यह संयंत्र पूर्व स्थापित 700 मीट्रिक टन क्षमता वाले प्लांट के साथ मिलकर कुल 1400 मीट्रिक टन क्षमता के साथ कार्य करेगा, जिससे 2000 मीट्रिक टन कूड़े का वैज्ञानिक प्रसंस्करण सुनिश्चित होगा। संयंत्र में अत्याधुनिक सुविधाएं, पर्यावरण मित्र प्रसंस्करण प्रणाली, दुर्गंध नियंत्रण प्रणाली, और एक आधुनिक प्रयोगशाला स्थापित की गई है, जो प्रसंस्करण की गुणवत्ता की निरंतर जांच करेगी। इस संयंत्र से प्राप्त जैविक खाद कृषि कार्यों में उपयोगी होगी और ऊर्जा उत्पादन से बिजली आपूर्ति में सहायता मिलेगी।कार्यक्रम में  नीरज सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह परियोजना माननीय सांसद  राजनाथ सिंह की फ्यूचरिस्टिक सोच का परिणाम है और नगर निगम की तरफ से इस दिशा में किए जा रहे प्रयास सतत विकास की ओर एक महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने नगर निगम की तुलना शरीर के दिल से करते हुए कहा कि नगर निगम कूड़ा प्रबंधन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।महापौर ने इस प्लांट पर बनाए गए नवीन सभागार का नाम श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी जी के नाम से रखने का प्रस्ताव भी रखा।इस कार्यक्रम में पार्षदों, नगर निगम अधिकारियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को सफल बनाने में योगदान दिया।