युवाओं को कौशल और रोजगार से जोड़ने हेतु ‘कौशल कॉल सेंटर’ का शुभारंभ

लखनऊ उत्तर प्रदेश के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों से सीधे जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बुधवार को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन मुख्यालय में “कौशल कॉल सेंटर” का शुभारंभ किया।शुभारंभ के अवसर पर मंत्री अग्रवाल ने कॉल सेंटर के माध्यम से पूर्व में प्रशिक्षित एक छात्र से फोन पर सीधा संवाद कर उसके अनुभवों की जानकारी ली और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रदेश के हर गांव और शहर के युवाओं तक मिशन की योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और रोजगार अवसरों की सटीक व अद्यतन जानकारी सीधे पहुंचे।मंत्री अग्रवाल ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि कोई भी युवा केवल जानकारी के अभाव में अवसर से वंचित न रहे। सही समय पर उचित मार्गदर्शन देकर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना इस पहल का मूल उद्देश्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि “कौशल कॉल सेंटर” युवाओं के सपनों को नई दिशा देने और उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।कार्यक्रम में प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने कहा कि यह कॉल सेंटर केवल एक सूचना केंद्र नहीं, बल्कि युवाओं और उनके सपनों के बीच सशक्त सेतु है। तकनीक के माध्यम से अब प्रशिक्षण से लेकर रोजगार तक की जानकारी युवाओं तक सरलता से पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि नियमित फीडबैक और सतत संवाद के जरिए युवाओं को अवसरों से जोड़ना तथा उन्हें आत्मनिर्भर भविष्य की ओर अग्रसर करना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।मिशन निदेशक पुलकित खरे ने जानकारी दी कि कॉल सेंटर में वर्तमान में 30 सदस्यीय टीम तैनात की गई है, जिन्हें 15 दिनों का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। आगामी सोमवार से यह टीम पूर्ण रूप से कार्य करना प्रारंभ कर देगी। उन्होंने बताया कि कॉल सेंटर के माध्यम से प्रशिक्षण केंद्रों में अध्ययनरत युवाओं से सीधे फीडबैक लिया जाएगा, ताकि प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद युवाओं की प्लेसमेंट स्थिति और रोजगार प्रगति की भी नियमित समीक्षा की जाएगी, जिससे भविष्य की योजनाओं को और प्रभावी बनाया जा सके।
कार्यक्रम में अपर मिशन निदेशक प्रिया सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।