प्रतापगढ़ में बोर्ड परीक्षा में लापरवाही पर डीएम भड़के: DIOS को निलंबन की चेतावनी, कंट्रोल रूम में मिली अव्यवस्था
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ में यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान अव्यवस्था का मामला सामने आया है। जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया, जहां कंट्रोल रूम में खामियां पाई गईं। ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) को निलंबन की चेतावनी दी। जिले में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं आज से शुरू हुई हैं। प्रतापगढ़ में कुल 166 केंद्रों पर एक लाख से अधिक छात्र परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। प्रशासन ने इन परीक्षाओं को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए पुख्ता व्यवस्थाएं होने का दावा किया था। जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने जब कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया, तो पाया कि वहां लगे सीसीटीवी कैमरे ठीक से काम नहीं कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) भी मौके पर अनुपस्थित पाए गए। इस गंभीर लापरवाही पर जिलाधिकारी ने फोन पर ही DIOS को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि इस मामले में DIOS को निलंबित करने के लिए प्रमुख सचिव को पत्र लिखा जाएगा।