लखनऊ मण्डलायुक्त महोदया एवं नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह के नेतृत्व में सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराये जाने के अभियान के तहत आज एक बड़ी कार्रवाई की गई। इस कार्यवाही को सफल बनाने के लिए अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव द्वारा गठित टीम ने ग्राम-कल्ली पश्चिम और ग्राम हैवतमऊ मवैया, तहसील-सरोजनी नगर, जिला-लखनऊ में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।इस कार्रवाई में नगर निगम और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर जाकर सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने का कार्य किया। टीम का नेतृत्व नायब तहसीलदार श्री नीरज कटियार ने किया, और इसमें उपजिलाधिकारी-सरोजनी नगर सचिन वर्मा, प्रभारी अधिकारी संपत्ति संजय यादव, तहसीलदार नगर निगम लखनऊ श्री अरविन्द पाण्डेय, तहसीलदार सरोजनी नगर श्रीमती आकृति श्रीवास्तव और अन्य अधिकारी शामिल रहे।इस टीम ने प्रापर्टी डीलरों द्वारा सरकारी भूमि पर की गई प्लाटिंग, अस्थाई बाउंड्रीवाल और सड़क जैसी रिहायसी संरचनाओं को जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त कर दिया। थाना-पीजीआई द्वारा उपलब्ध कराए गए पुलिस बल और नगर निगम के प्रवर्तन दल के सहयोग से यह कार्रवाई बड़े पैमाने पर की गई।