मिशन शक्ति फेज-5.0: बस्ती पुलिस ने सितंबर माह के लिए जारी किया बहू-बेटी सम्मेलन का रोस्टर

मिशन शक्ति फेज-5.0: बस्ती पुलिस ने सितंबर माह के लिए जारी किया बहू-बेटी सम्मेलन का रोस्टर

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत बस्ती पुलिस द्वारा सितंबर 2026 में आयोजित होने वाले बहू-बेटी सम्मेलनों का थानावार रोस्टर जारी किया गया है। इन सम्मेलनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं एवं बेटियों को शासन की योजनाओं, महिला सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति अधिक से अधिक जागरूक किया जाएगा।

अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन श्री मुथा अशोक जैन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र श्री संजीव त्यागी के आदेश के क्रम में पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के मार्गदर्शन में जनपद के सभी थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों द्वारा प्रत्येक माह बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं।

सम्मेलनों में स्थानीय आशा बहुएं, समूह सखी, महिला चौकीदार तथा मिशन शक्ति केंद्र की महिला पुलिस टीम सक्रिय रूप से भाग लेती हैं। महिला पुलिसकर्मी गांवों में पहुंचकर बहू-बेटियों से संपर्क करती हैं और उन्हें एक स्थान पर एकत्रित कर महिला एवं बालिका सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराती हैं।

सम्मेलन के दौरान महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, महिला हेल्पलाइन, सुरक्षा उपायों तथा मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी जाती है। साथ ही महिलाओं को घरेलू हिंसा के विरुद्ध आवाज उठाने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पुलिस एवं संबंधित विभाग से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया जाता है।

पुलिस टीम द्वारा सम्मेलन में शामिल महिलाओं की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना जाता है। समस्याओं की जानकारी प्राप्त कर उनके निराकरण में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाता है। इसके माध्यम से महिलाओं में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

बस्ती पुलिस द्वारा सितंबर माह में प्रत्येक रविवार बहू-बेटी सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए थानावार रोस्टर तैयार किया गया है, ताकि जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक महिलाओं एवं बेटियों तक मिशन शक्ति का संदेश पहुंचाया जा सके।

पुलिस विभाग का उद्देश्य है कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाएं अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक हों तथा किसी भी विपरीत परिस्थिति में बिना संकोच संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस से सहायता प्राप्त कर सकें।