दीपोत्सव से पहले सुरक्षा व्यवस्था की हुई समीक्षा

-लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार ने स्थायी सुरक्षा समिति की बैठक में लिया हिस्सा, कार्तिक मास के प्रमुख आयोजनों की तैयारियों का लिया जायजा
-सात नवंबर को होने वाले दसवें दीपोत्सव के लिए सुरक्षा व्यवस्था में तकनीकी उन्नयन पर जोर, मीडिया कवरेज के लिए भी तैयार की गई गाइडलाइंस
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार रामजन्मभूमि परिसर की सुरक्षा और अयोध्या के प्रमुख धार्मिक आयोजनों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में मंगलवार को लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार अयोध्या पहुंचे और रामजन्मभूमि में स्थायी सुरक्षा समिति की नियमित बैठक में शामिल हुए। बैठक के बाद उन्होंने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और 7 नवंबर को होने वाले दसवें दीपोत्सव सहित कार्तिक मास के प्रमुख धार्मिक आयोजनों की तैयारियों का जायजा लिया। एडीजी प्रवीण कुमार ने बताया कि रामजन्मभूमि परिसर में सुरक्षा संबंधी बैठक नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। इसमें आगामी पर्वों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि बैठक का उद्देश्य मौजूदा व्यवस्थाओं की समीक्षा करना और उन्हें अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाना है।उन्होंने बताया कि योगी सरकार के निर्देश पर सुरक्षा व्यवस्था को लगातार अद्यतन किया जा रहा है। आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग करने के साथ स्थानीय लोगों का विश्वास अर्जित करने और उनका सहयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। एडीजी ने कहा कि कार्तिक मास अयोध्या के लिए गौरव का अवसर होता है। इस दौरान 14 कोसी और पंचकोसी परिक्रमा तथा कार्तिक पूर्णिमा स्नान सहित कई प्रमुख धार्मिक आयोजन होते हैं। इन सभी कार्यक्रमों को सुचारू और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन तैयारी कर रहे हैं। 7 नवंबर को होने वाले दसवें दीपोत्सव को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आयोजन गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न हों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। दीपोत्सव की तैयारियों के संबंध में एडीजी प्रवीण कुमार ने मीडिया कवरेज के लिए दिशा-निर्देश तैयार किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मीडिया के लिए गाइडलाइंस बनाई गई हैं, जिन्हें विस्तार से जारी किया जाएगा। इसका उद्देश्य कवरेज के दौरान किसी तरह की असुविधा से बचना और सभी कार्यक्रमों को व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण तरीके से कवर करने में सहयोग देना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या को प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। रामजन्मभूमि परिसर की नियमित सुरक्षा समीक्षा, तकनीकी उन्नयन और स्थानीय सहयोग पर जोर इसी दिशा में किए जा रहे प्रयासों का हिस्सा है।एडीजी प्रवीण कुमार ने भरोसा जताया कि पुलिस और प्रशासन कार्तिक मास के सभी धार्मिक कार्यक्रमों को सकुशल संपन्न कराने के लिए तैयार हैं। दीपोत्सव सहित आगामी आयोजनों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और तैयारियों का सिलसिला जारी है।