सहकारी प्रशिक्षण में नैनो उर्वरकों की उपयोगिता पर जोर, समितियों के सचिवों को मिला प्रशिक्षण

सहकारी प्रशिक्षण में नैनो उर्वरकों की उपयोगिता पर जोर, समितियों के सचिवों को मिला प्रशिक्षण

 

इफको के नैनो यूरिया-डीएपी समेत आधुनिक उर्वरकों की उपयोग विधि और लाभ बताए, किसानों को जागरूक करने के निर्देश

 

जिला कृषि अधिकारी डॉ. एसके यादव की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यक्रम, करीब 50 समितियों के सचिव रहे मौजूद

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर। जनपद के कृषि भवन सभागार में बुधवार, 02 सितंबर 2026 को सहकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कृषि अधिकारी संत कबीर नगर डॉ. एसके यादव ने की। प्रशिक्षण में सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों तक आधुनिक एवं प्रभावी उर्वरकों की जानकारी पहुंचाने तथा इनके समुचित उपयोग को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में गोरखपुर से पधारे क्षेत्रीय प्रबंधक इफको कौशिक कुमार पाण्डेय, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता आनंद कुमार मिश्रा, जिला प्रबंधक पीसीएफ अखिलेश यादव, एडीसीओ संजीव कुमार, एडीओ कोआपरेटिव, एसएफए पंकज चौधरी सहित लगभग 50 समितियों के सचिव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्र प्रतिनिधि इफको संत कबीर नगर द्वारा किया गया।

क्षेत्रीय प्रबंधक इफको गोरखपुर कौशिक कुमार पाण्डेय ने इफको के नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, नैनो कॉपर, नैनो जिंक, सागरिका, जैव उर्वरक एवं जल विलेय उर्वरकों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने इन उत्पादों की उपयोग विधि, उपयोग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और किसानों को मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से समझाया।

वहीं, इफको एमसी के क्षेत्र प्रतिनिधि ने कृषि रसायनों के समितियों के माध्यम से व्यवसाय, बिक्री तथा लाभदेयता से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता आनंद कुमार मिश्रा ने समितियों के पदाधिकारियों एवं सचिवों को नैनो उर्वरकों की अधिक से अधिक बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला कृषि अधिकारी डॉ. एसके यादव ने जिले के विभिन्न कृषकों के प्रक्षेत्रों पर इफको के नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, नैनो कॉपर एवं नैनो जिंक के प्रदर्शन आयोजित कराने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों को अनुदानित यूरिया एवं डीएपी के विकल्प के रूप में किसानों तक पहुंचाने के साथ इनके उपयोग और फायदे को लेकर अधिक से अधिक किसानों को जागरूक किया जाए।

प्रशिक्षण के दौरान सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को आधुनिक उर्वरकों की उपयोग विधि, सावधानियों एवं लाभों की जानकारी देने तथा उत्पादों की बिक्री बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम के अंत में इफको क्षेत्र प्रतिनिधि ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया, जिसके बाद प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ।