सीढ़ी के रास्ते घर में घुसकर सोने, चांदी का गहना, नगदी चुरा ले गए चोर

 

बस्ती। मुण्डेरवा थाना क्षेत्र के बेहिल गांव निवासी एक व्यक्ति के घर में घुसकर चोर सोने, चांदी के जेवर, नगदी चुरा ले गया। मामले में तहरीर के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।
बेहिल गांव निवासी फूल चन्द्र के अनुसार चोर रात के समय घर में जीने के रास्ते घुस गया। उस समय पूरा परिवार सोने चला गया था, चोर के घर में घुसने की किसी को भनक तक नहीं लगी। घर में घुसा चोर कमरे में रखा बक्सा लेकर चम्पत हो गया। बक्से में सोने, चांदी के गहने और 10 हजार रूपए नगदी रखा था। दूसरे दिन सुबह जगने पर बक्सा गायब मिला। वह अपना बक्सा ढूढने लगा तो गांव निवासी पिंटू सिंह ने बताया कि उसके घर की छत पर एक बक्सा टूटी हालत में पड़ा हुआ है। बक्सा देखने के बाद पता चला कि चोर उसका बक्सा चुराकर उसमें रखा गहना और नगदी चुरा ले गए। 10 नवम्बर को हुए चोरी के मामले में तहरीर के आधार पर पुलिस ने 18 दिन बाद मुकदमा दर्ज किया है।