बस्ती ।दुबौलिया थाना क्षेत्र के सिरसिया चिलमा बाजार स्थित आरबीएस पब्लिक स्कूल के क्लास टीचर, प्रबन्धक सहित तीन के खिलाफ छात्रा को क्लास के बच्चों के सामने खड़ा कर मारने पीटने, धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। भटपुरवा निवासी विजय श्रीवास्तव के अनुसार उसकी पुत्री आरबीएस पब्लिक स्कूल में कक्षा दो में पढ़ती है। तबियत खराब होने के कारण वह चार- पांच दिन तक स्कूल नहीं गई। ठीक होने पर वह उसे बाइक पर बैठाकर स्कूल ले गया और उसे छोड़कर अपने काम पर चला गया। स्कूल से घर वापस आने पर उसकी बेटी ने घर के मोबाइल से फोन पर रो रो कर बताया कि क्लास टीचर ने उसे क्लास के बच्चों के सामने खड़ा कर मारा पीटा, धमकी दी। इस क्रियाकलाप से दुःखी होकर उसने बेटी को दूसरे स्कूल में नामांकन कराने के लिए स्थानांतरण प्रमाण पत्र मांगा, जिसे स्कूल द्वारा नहीं दिया जा रहा है, जिसके चलते उसकी बेटी का किसी अन्य स्थानीय स्कूल में नामांकन नहीं हो पा रहा है। फोन पर उसे बार- बार धमकी दी जाती है जिसकी रिकार्डिंग उसकी मोबाइल में मौजूद है। 9 दिसम्बर से 11 दिसम्बर 2023 के बीच हुई घटना के मामले में कोर्ट के आदेश पर सरवनपुर चौबे निवासी आरोपी क्लास टीचर शिवकुमार चौधरी, स्कूल प्रबन्धक प्रमोद कुमार सिंह उर्फ सोनू सिंह व एक अन्य रत्नेश विश्वकर्मा पुत्र अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा के तहत मारने पीटने, धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर पुलिस विवेचना कर रही है।