बस्ती। लारेंस विश्नोई के नाम पर डांस क्लास संचालित करने वाली युवती को धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से तीन मोबाइल की बरामदगी की है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए लोगों और यूट्यूबर एवं डांस क्लास संचालित करने वाली युवती के बीच हुए आपसी विवाद के चलते उसके यूट्यूब चैनल को बंद कराने और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से सम्बन्ध रखने वाला बताया गया था, अब तक की जांच और पूछताछ में कहीं से भी घटना में लारेन्स विश्नोई से किसी प्रकार का कोई सम्बन्ध नहीं पाया गया है। मामले में जिनकी गिरफ्तारी की गई है, उनमें पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के सिहारी निवासी संतोष पटेल उर्फ संतोष चैलेन्ज, शोभित मिश्रा, वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद निवासी अनुराग कुमार वर्मा उर्फ रोहित राईडर, पैकोलिया थाना क्षेत्र के अहिरौलिया नयन निवासी बब्लू दूबे शामिल है। पुलिस के अनुसार देशी कालाकार नाम से यूट्यूबर गौर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी सूरज जायसवाल रंजीत चौराहा के पास अपना डांस क्लास चलाते है, जहां गड़गोड़िया निवासी आस्था रिसेप्शनिस्ट कार्यरत है और डांस भी सिखाती है। 10 नवम्बर को डांस क्लास के रिसेप्शन के मोबाइल पर विभिन्न नम्बरों से आए फोन पर कलाकार के चैनल को बंद कराने, जान से मारने की धमकी दी गई थी। रिसेप्शनिस्ट आस्था द्वारा पूछने पर धमकी देने वाले ने अपने को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से सम्बन्ध रखने वाला बताया था। आपसी प्रतिस्पर्धा को लेकर इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे पर अभद्र वीडियो डालकर गाली गलौज किया जा रहा था, अपयश फैलाने वाली पोस्ट डालकर एक दूसरे को नीचा दिखाया जा रहा था। जांच के दौरान धमकी देने के मामले में संलिप्तता पाये जाने पर सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय के लिए रवाना किया गया।