भगवा धारण कर साधू के भेष में मांग रहे थे भीख, पुलिस ने शांति भंग में किया चालान

 

बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के नरायनपुर गांव में भेष बदलकर भगवा धारण कर साधू के भेष में भीख मांग रहे तीन लोगों को ग्रामीणों ने शक के आधार पर पकड़ लिया। उनकी तलाशी ली और पुलिस को इसकी सूचना दी। भिक्षा मांगने वाले तीनों के बारे में शोर मच गया कि यह संदिग्ध थाईलैंड से आए हैं और दूसरे समुदाय के हैं ।इस बीच सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुँची, तीनों लोगों को पकड़कर थाना ले आई। पुलिस की पूछताछ मे तीनों की पहचान देवरिया जिले के इकौना थाना क्षेत्र के जगतमाफा निवासी फूल मोहम्मद (59),गोरखपुर जिले के गोला बाजार थाना क्षेत्र के सेमरी निवासी मो. हदीश(58),महेशपुर निवासी ललकू (38) के रूप में हुई। पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे गाँव- गाँव भीख मांगकर अपना व परिवार का गुजर बसर करते है।
थाना प्रभारी नगर देवेंद्र सिंह ने बताया कि उनके पास से मिले आधार कार्ड व पूछताछ से उनका नाम, पता ज्ञात हुआ। तीनों के निवास स्थान पर जरिए दूरभाष वार्ता कर पता किया गया तो तीनों का पेशा है भिक्षा माँग कर जीवनयापन करने की जानकारी मिली। जाँच से उनके विदेशी होने की पुष्टि नहीं हो सकी। इसके बाद शांति व्यवस्था भंग करने के कारण तीनों का बीएनएस की सुसंगत धारा के तहत चालान किया गया।