गार्ड की सक्रियता से पकड़ा गया बैंक में चोरी करने घुसा चोर

 

बस्ती। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के महराजगंज स्थित बड़ौदा यूपी बैंक शाखा पर खिड़की तोड़कर बैंक में घुसे शातिर चोर को पुलिस ने डयूटी पर तैनात गार्ड की सक्रियता से दबोच लिया और बैंक में चोरी की वारदात होने से बच गई।
जानकारी केे अनुसार शुक्रवार की देर रात महाराजगंज कस्बा स्थित बडौदा यूपी बैंक शाखा में लोहे की खिड़की काटकर एक संदिग्ध घुस गया था, जिसे घुसते हुए शाखा पर तैनात होमगार्ड ने देख लिया, इसकी सूचना तत्काल कप्तानगंज पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और आस पास के लोगों ने बैक को चारो ओर से घेर लिया। इस बीच बैंक में घुसा संदिग्ध बैंक में ही छिप गया। रात करीब साढ़े 10 बजे मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने खिड़की तोड़कर बैंक के अंदर घुसे चोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार उसकी पहचान हर्रैया थाना क्षेत्र के खेमराजपुर निवासी रामतौल के रूप में हुई है। उसे गिरफ्तार कर बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही पूर्ण कर न्यायालय के लिए रवाना किया गया।