*45 किसान पांच दिवसीय प्रशिक्षण के लिए अयोध्या रवाना*

 

*नवीन कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती और फसल प्रबंधन का लेंगे प्रशिक्षण*
जिला ब्यूरो चीफ अजय कुमार उपाध्याय
बलिया। सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन (एसएमएई) योजना के तहत जनपद के 45 किसानों का दल पांच दिवसीय प्रशिक्षण के लिए आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या के लिए रवाना हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम एक से पांच अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को नवीनतम फसल उत्पादन तकनीकों के साथ गौ आधारित प्राकृतिक खेती, कृषि विविधीकरण, टिकाऊ कृषि, मृदा स्वास्थ्य और किसान आय में वृद्धि से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। किसानों को शाक-भाजी उत्पादन, जैविक खेती, पशुपालन और फसल अवशेष प्रबंधन की तकनीकों का भी प्रशिक्षण मिलेगा।इसके अलावा रबी फसलों की बुआई, बेहतर फसल प्रबंधन और आधुनिक कृषि पद्धतियों के व्यावहारिक पहलुओं से भी किसानों को अवगत कराया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को बदलती कृषि परिस्थितियों के अनुरूप आधुनिक, टिकाऊ और लाभकारी तकनीकों से जोड़ना है। कृषक दल को परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह के अनुज धर्मेंद्र सिंह, उप कृषि निदेशक मनीष कुमार सिंह तथा वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-बी प्रेम शंकर यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि कृषि क्षेत्र में लगातार नई तकनीकों का विकास हो रहा है। ऐसे प्रशिक्षण किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों को समझने और उन्हें अपने खेतों में अपनाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने किसानों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का अधिक से अधिक उपयोग कर कृषि उत्पादन बढ़ाने और आय में वृद्धि करने का आह्वान किया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण के माध्यम से किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि तकनीकों की जानकारी देकर उन्हें व्यावहारिक रूप से दक्ष बनाया जाएगा, ताकि वे बेहतर फसल उत्पादन के साथ अपनी आय में भी वृद्धि कर सकें।