बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र के छरदही गांव के पलटीपुरवा निवासी ओम प्रकाश चौरसिया (37) की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह अपने भतीजी डिंपल चौरसिया की शादी में मुंबई से अपने घर आए थे। शादी के बाद पिता मंगरु की तबीयत बिगड़ने पर उनके सेवा सत्कार में लग गए। 16 जुलाई को पिता की मृत्यु हो गई। पिता की मृत्यु की शोक में आई बहन को साथ लेकर वह मुंबई वापस जा रहें थे। इस बीच खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर वॉशरूम के लिए ट्रेन के दरवाजे के पास पहुंचे ही थे कि अचानक चक्कर आने से वह नीचे गिर पड़े। साथ में यात्रा कर रहे भांजे अमित उर्फ सूरज ने चैन पुलिंग कर ट्रेन को रोका, उन्हे नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खलीलाबाद ले गए, जहां हालत में सुधार न होते देख डॉक्टर ने बस्ती मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। यहां भी हालत में सुधार होता न देख डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
ओम प्रकाश चौरसिया अपने परिवार सहित मुंबई में रहकर इलेक्ट्रॉनिक की दुकान चलाते थे। इनकी चार बेटियां हैं। असमय मृत्यु से परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।