28 फरवरी को मोहनलालगंज में मंडल स्तरीय वृहद पशु आरोग्य मेला, पशुपालकों को मिलेंगी निःशुल्क उपचार व बीमा सुविधाएं

लखनऊ। लखनऊ के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने जानकारी दी कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं के अंतर्गत जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 28 फरवरी 2026 को प्रातः 8:00 बजे से जनपद लखनऊ के मजरा गनियार, ग्राम पंचायत भौंदरी, विकासखंड मोहनलालगंज में पं. दीनदयाल उपाध्याय वृहद पशु आरोग्य मेला/शिविर (मंडल स्तर) का आयोजन किया जाएगा। मेले में जनपद के पशुपालकों को विभाग की ओर से विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।उन्होंने बताया कि शिविर में रोगी पशुओं का विशेषज्ञ उपचार और औषधि वितरण, अल्ट्रासाउंड मशीन से जांच, कृत्रिम गर्भाधान तथा बांझपन समस्या का निवारण, लघु शल्य चिकित्सा, निःशुल्क टीकाकरण और पशुधन बीमा की सुविधा प्रदान की जाएगी। पशुपालकों को उन्नत पशुपालन तकनीकों की जानकारी वैज्ञानिकों द्वारा दी जाएगी।इसके अतिरिक्त पंजीकृत पशुपालकों के पशुओं को निःशुल्क कृमिनाशक दवा, खनिज लवण (मिनरल मिक्सचर) तथा संकेन्द्रित पशु आहार उपलब्ध कराया जाएगा। पशुपालन क्षेत्र में उद्यमिता के अवसरों की जानकारी भी दी जाएगी। साथ ही कृषि, उद्यान और मत्स्य विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी मेले में दी जाएगी।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जनपद के सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने पशुओं के साथ शिविर में पहुंचकर विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ उठाएं।