बस्ती। रुधौली थाना क्षेत्र के पटवरिया गांव निवासी एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितयों में मौत हो गई। अभी उसकी शादी को करीब 15 माह ही हुए थे। उसके मायके वालों ने उसके पति, सास, ससुर, जेठानी पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने,मांग पूरी न होने पर हत्या कर देने का आरोप लगाया है।
सोनहा थाना क्षेत्र के हलुआ हसनपुर गांव निवासी 24 वर्षीय अनीता की शादी रूधौली थाना क्षेत्र के पटवरिया गांव निवासी सुखई के साथ 21 मई 2023 को हुई थी। अनीता के भाई बालकेश का आरोप है कि उसकी बहन को ससुराल में दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। आरोप लगाया कि उसकी बहन का पति सुखई, ससुर हृदयराम, सास, जेठानी मिलकर उसकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे, जबकि सामर्थ्य अनुसार शादी में नगदी, जेवर, बाइक आदि दिया गया था। मृतका के भाई ने अपने बहनोई पर भाभी से नाजायज सम्बन्ध होने का भी आरोप लगाया है। कहा है कि भेद खुलने पर दहेज की मांग को लेकर उसकी बहन को प्रताड़ित किया गया, उसकी हत्या कर दी गई। मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ बीएनएस और डीपी एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।