बस्ती। दुबौलिया थाना क्षेत्र के चिलमा बाजार निवासी सत्यप्रकाश अग्रहरि उर्फ बाढू जालसाजों की ठगी का शिकार हो गए। जालसाजों ने उनसे 20 हजार रूपए की ठगी कर ली और फरार हो गए।
चिलमा बाजार निवासी सत्यप्रकाश अग्रहरि ने दुबौलिया पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि पायकपुर निवासी शिवचरन और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति उसकी दुकान के बगल के दुकानदार सजन लाल सोनी के यहां पहुंचकर 21 साड़ी निकलवाया। उसके बाद उसकी दुकान पर पहुंच कर बड़ी पूजा की बात करते हुए 11-11 पीस के 9 तरह के बर्तन देने की बात की। बर्तन निकालने को कहा। कहा कि 20 हजार की बड़ी नोट, 500 -500 की गड्डी दे दीजिए,यह कहने के बाद जालसाजों ने बीस हजार रूपया देने के लिए कहा। वह पांच- पांच सौ के 40 नोट गिन रहा था कि जालसाजों ने 11 डल्लू लाने के लिए कह दिया। कहा कि लाओ नोट उन्हे दे दो वे गिन देंगे, तुम डल्लू ले आओ। इसके बाद वह उन्हे नोट देकर दूसरे की दुकान पर डल्लू लाने चला गया। डल्लू लेकर वापस लौटा तो आरोपी उसके बीस हजार रूपए लेकर फरार हो चुके थे। ठगी के इस मामले में तहरीर के आधार पर पायकपुर निवासी शिवचरन व एक अन्य अज्ञात के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।