युवती के साथ गैंगरेप, आईजी से पिता ने लगाई न्याय की गुहार

 

बस्ती। 2 अगस्त उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में लालगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती को घर से उठाकर ले जाने और उसके साथ गैंगरेप करने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवती का मुकदमा पुलिस ने नहीं लिखा। इसके बाद पीड़िता के पिता ने आईजी से न्याय दिलाए जाने की गुहार लगाया है।
गैंगरेप की शिकार पीड़िता के पिता ने आईजी को दिए गए शिकायती पत्र में कहा है कि उसकी बेटी घर में बिस्तर पर सो रही थी। रविवार की रात लगभग 11 बजे उसकी बेटी को गांव का ही एक युवक बिस्तर से उठा ले गया। घर से 50 कदम की दूरी पर मोटरसाइकिल पर बैठाकर लगभग आधा किलोमीटर ले गए, जहां पहले से ही चार पहिया वाहन लेकर घात लगाए बैठे करीब 5- 7 लोगों ने मिलकर उसकी बेटी को जबरदस्ती गाड़ी में घसीट कर बैठा लिया और कहीं एकांत स्थान पर लेते गए। सभी ने उसके साथ बारी-बारी से गैंगरेप किया। अधमरा जानकर कुछ दूरी पर उसे छोड़कर भाग गए। पत्र में कहा है कि वहां से गुजर रही डायल 112 की पुलिस ने बेहोशी की हालत में उसकी बेटी को थाने पर पहुंचाया, इसके बाद ग्राम प्रधान के माध्यम से उसे सूचना मिली तो वह थाने पर पहुंचा। थाने पर पहुंचने पर वहां मौजूद पुलिस कर्मियों द्वारा लिखा पढ़ी कर हम लोगों को वापस घर भेज दिया गया। जब लड़की को होश आया तो उसने अपने साथ हुई आपबीती बताया। गांव के ही एक युवक और पांच अज्ञात लोगों द्वारा गैंगरेप करने की जानकारी दी। पीड़ित पिता ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर न्याय दिलाए जाने की गुहार लगाया है।