बस्ती जुलाई उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में बच्चों को घर से लेकर स्कूल जा रही वैन दुर्घटना की शिकार हो गई। स्कूली वैन में सवार पांच बच्चे मामूली रूप से चुटहिल हो गए। कोतवाली थानाक्षेत्र के सियरापार गांव के पास शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे निजी स्कूल की वैन अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गई। स्कूली वैन का ड्राइवर असलम बच्चो को लेकर स्कूल जा रहा था। अनियंत्रित होकर वैन पलट गई। हादसा होते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। शीशे को तोड़ कर बच्चो को बाहर निकाला गया। घटना के वक्त बस में सवार पांच बच्चों को मामूली चोट आई है। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। हादसे की सूचना मिलते ही बच्चो के अभिभावक भी घटना स्थल पहुंच गए और बच्चों को अपने साथ ले गए।
बताया जा रहा है रात में हल्की बारिश की वजह से रास्ता खराब हो गया था। ग्रामीणों ने बताया कि बस बच्चों को लेकर सिटी पब्लिक स्कूल आ रही थी। हादसे के समय पांच बच्चे ही सवार थे। जहां हादसा हुआ वहां दोनों ओर खेत है। इस संबंध में पूछे जाने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर सत्येन्द्र भूषण त्रिपाठी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वैन से बच्चों को बाहर सुरक्षित बाहर निकलवा कर उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।