बस्ती जून उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में हूटर बजाने, वाहनों पर पुलिस या फिर उत्तर प्रदेश सरकार, भारत सरकार लिखवाने वालों के खिलाफ जिले की यातायात पुलिस अभियान चला रही है। अभियान 25 जून तक चलेगा। हाइवे पर मिले 155 वाहनो की जांच की गई। अनधिकृत मिले वाहनों से हूटर उतरवाए गए। पुलिस लिखे वाहनों के चालान किए। कुल 24 गाड़ियों का चालान किया गया। टीएसआई कामेश्वर सिंह ने बताया कि हूटर का प्रयोग पुलिस, प्रशासन के अधिकारियों की गाड़ियों व फायर ब्रिगेड एवं एंबुलेंस में ही किया जा सकता है। लेकिन जिले की सड़कों पर वाहन चालक अपने हूटर बजाने से बाज नहीं आ रहे हैं, जो पुलिस और यातायात विभाग के लिए चुनौती बने हुए हैं। इन पर अंकुश लगाने के लिए यातायात विभाग ने अभियान शुरू कर दिया है। यातायात प्रभारी ने बताया कि इस अभियान में उन वाहनों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिन पर हूटर, पुलिस या फिर उत्तर प्रदेश सरकार लिखा है। हर चौराहे पर रोककर चेक किया जा रहा। अभियान में शुक्रवार को कुल 24 वाहन हूटर व पुलिस लिखे और लाल-नीली बत्ती वाहनों पर कार्रवाई की गई है। 25 जून तक अभियान तेजी के साथ जारी रहेगा।