रिपोर्ट कालिन्दी तिवारी संतकबीरनगर
जिलाधिकारी ने किसान भाइयों का पंजीकरण, सत्यापन, तकनीकी परेशानी की दशा में उनका सहयोग तथा किसान बंधुओं के साथ मधुर व्यवहार करने के दिये निर्देश।*
संत कबीर नगर – जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में जनपद में विगत 01 नवम्बर 2023 से शुरू किये गये धान खरीद से सम्बन्धित तैयारियों के सत्यापन एवं अन्य आवश्यक जानकारियों/सुझावों का क्रय केन्द्र प्रभारियों के साथ जानकारियों से सम्बन्धित फीडबैक आदि की समीक्षा के सम्बन्ध में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुयी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी/जिला खरीद अधिकारी जय प्रकाश उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित डिप्टी आर.एम.ओ. से जनपद के सभी क्रय केन्द्रों पर धान क्रय किये जाने से सम्बन्धित सभी सुविधाओं, यंत्रों, संसाधनों आदि के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुये निर्देशित किया कि प्रत्येक क्रय केन्द्र पर दैनिक आधार पर धान क्रय प्रगति, कृषकों पंजीकरण/सत्यापन, कितने केन्द्रों पर धान खरीद शून्य है तथा किसानों की सुविधा एवं शिकायों हेतु कण्ट्रोल रूप नम्बर पर प्राप्त शिकायतों एवं उनके निस्तारण आख्या उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दशा में प्रातः 09 बजे से सायं 05 बजे तक खुला रहना चाहिये तथा क्रय केन्द्र प्रभारी की उपस्थिति में पूरी संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के के साथ किसान बंधुओं से धान क्रय किया जाये। खरीद के साथ भौतिक प्रगति का नियमित सत्यापन भी किया जाये। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि किसान भाइयों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाये। किसी भी दशा में तकनीकी दिक्कत आने पर उनका सहयोग कर उसका हल निकाला जाये, जिससे शिकायत की गुंजाइश न रहे। किसान भाइयों को बेवजह न दौड़ाया जाए । किसी भी दशा में धान की गुणवत्ता अथवा नमी की मात्रा मानक से ज्यादा पाये जाने पर नियमानुसार कार्यवाही करते हुये क्रय किया जाये। अन्यथा की दशा में गठित टीम द्वारा जांच कर रिपोर्ट प्राप्त कर नियमानुसार कार्यवाही किया जाये। उन्होंने कहा कि धान क्रय से सम्बन्धित कण्ट्रोल रूम नम्बर 7839565081 को 24×7 सक्रिय रखा जाये।
अपर जिलाधिकारी/जिला क्रय अधिकारी जय प्रकाश ने जनपद में धान खरीद के सम्बन्ध में किसान हित से सम्बन्धित सभी व्यवस्थाओं/संसाधनों/नियमों आदि के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुये आवश्यक सुझाव भी दिये उन्होंने कहा कि शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2183 रू० प्रति कु० एवं ग्रेड ए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2203 रू० प्रति कु० निर्धारित किया गया है। शासन द्वारा जनपद हेतु धान क्रय का लक्ष्य 103000.00 मी0टन निर्धारित किया गया है। प्रथम चरण में जनपद में कुल 103 क्रय केन्द्रों का अनुमोदन किया जा चुका है, जिसमें से खाद्य विभाग के 35, पी0सी0एफ0 के 48, पी०सी०यू० के 18, कृषि उत्पादन मण्डी समिति के 01 एवं भा०खा०नि० के 01 क्रय केन्द्र अनुमोदित किया गया है। जनपद में कुल 6192 कृषकों द्वारा धान विक्रय हेतु पंजीकरण कराया गया है। सभी क्रय केन्द्रों पर इलेक्ट्रानिक कांटा, छलना, पंखा, विनोइंग फैन इत्यादि की उपलब्धता हो चुकी है। सभी क्रय केन्द्रों पर ई-पॉस मशीने खरीद हेतु उपलब्ध करा दी गयी है ई-पॉस मशीनों में आधार प्रमाणीकरण के तहत किसान भाईयों को खरीद के उपरान्त अंगूठा लगाना होगा एवं मशीन द्वारा स्वतः किसान भाईयों का फोटो प्रदर्शित हो जायेगा। धान खरीद में पारदर्शिता लाये जाने हेतु क्रय केन्द्रों पर खरीदे गये धान का जी०पी०एस० लगी हुयी गाड़ियों से राइस मिल तक धान का संचरण कराया जायेगा।
उन्होंने बताया कि जनपद में धान की खरीद दिनांक 01 नवम्बर 2023 से प्रारम्भ हो गयी है, जो दिनांक 29 फरवरी 2024 तक चलेगी। सभी क्रय केन्द्र प्रातः 09.00 बजे से सायं 5.00 बजे तक खुले रहेंगे।
उन्होंने कृषक भाईयों को अवगत कराया है कि पंजीकरण में आधार कार्ड में दिये गये मोबाइल नम्बर व बैंक खाते में दिये गये मोबाइल नम्बर एक होने चाहिए। चूंकि भुगतान शतप्रतिशत आधार बेस्ड व आधार लिंक बैंक खाते में पी०एफ०एम०एस० के माध्यम से किया जाना है अतः आधार व बैंक खाता व मोबाइल नम्बर तथा कृषक के नाम उपनाम दोनो की स्पेलिंग व मात्राओं में कोई भिन्नता न हो किसान भाईयों को अवगत कराना है कि वे अपना धान सुखाकर एवं साफ सुथरा करके केन्द्र पर लायें और आपने निकटस्थ किसी भी क्रय केन्द्र पर धान विक्रय कर सकते है।
इस अवसर पर डिप्टी आर.एम.ओ. रूपेश सिंह, उप जिलाधिकारी खलीलाबाद शैलेष दुबे, उप जिलाधिकारी धनघटा उत्कर्ष श्रीवास्तव, अपर उप जिलाधिकारी रमेश चन्द्र, प्रशिक्षु एसडीएम मंजुल मयंक सहित समस्त क्रय केन्द्र प्रभारी आदि उपस्थित रहे।