विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज, निर्वाचन प्रचार सामग्री और सुविधाओं की दरें होंगी निर्धारित
कलेक्ट्रेट में एडीएम ज्ञान चन्द्र गुप्ता की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक, निर्वाचन व्यय में पारदर्शिता पर जोर
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपर जिलाधिकारी के चेंबर में निर्वाचन प्रचार सामग्री, मंच, पंडाल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की दरों के निर्धारण को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने की।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में चुनाव प्रचार के दौरान इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों एवं सुविधाओं की दरों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें मंच, पंडाल, कुर्सी, टेबल, साउंड सिस्टम, वाहन सहित अन्य प्रचार संसाधनों की दरें निर्धारित किए जाने के संबंध में विचार-विमर्श हुआ।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्रत्याशियों द्वारा किए जाने वाले खर्च का सही एवं पारदर्शी लेखा-जोखा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए विभिन्न मदों में उपयोग होने वाली सामग्रियों एवं सुविधाओं की दरों का नियमानुसार निर्धारण आवश्यक है। निर्धारित दरों के आधार पर ही प्रत्याशियों के निर्वाचन व्यय का आकलन किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन व्यय से जुड़ी दरों के निर्धारण की आवश्यक प्रक्रिया समय से पूरी की जाए, ताकि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
बैठक में मुख्य कोषाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, एआरटीओ धर्मेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी राजेश यादव सहित संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।