पेंशनरों के जीवित प्रमाण पत्र आनलाइन जमा करने हेतु विकसित की गई वेबसाइट
पेंशनर्स इस ऐप के माध्यम से दाखिल कर सकते हैं अपना डिजिटल प्रमाण पत्र
जीवन प्रमाण पत्र के लिए अब पेंशनरों को नहीं करनी पड़ेगी अन्यत्र भागदौड़
एक वर्ष में किसी भी माह में दाखिल कर सकेंगे जीवित प्रमाण पत्र
पेंशनर्स इस सुविधा का उठाएं लाभ, ऑनलाइन डिजिटल प्रमाण पत्र दाखिल करने हेतु ऐप का करें उपयोग
बहराइच 10 नवम्बर। वरिष्ठ कोषाधिकारी नरोत्तम शरण ने बताया कि पेंशनरों के जीवित प्रमाण पत्र आनलाइन जमा करने हेतु वेबसाइट विकसित की गई है। वरिष्ठ कोषाधिकारी ने बताया कि ऐसे पेंशनर्स या पारिवारिक पेंशनर्स जो अपना जीवित प्रमाण पत्र कोषागार में प्रस्तुत नहीं कर सके हैं, वे अपना जीवित प्रमाण पत्र जीवनप्रमाण डाट जीओवी डाट इन वेबसाइट के माध्यम से अपना बैंक खाता संख्या, पीपीओ संख्या एवं आधार नंबर फीड कराकर जीवन प्रमाण पत्र एप्लिकेशन से जमा कर सकते हैं अथवा अपने स्मार्टफोन के प्ले स्टोर से क्रमशः आधार फेस आरडी, फेस इंस्टॉल तथा पुनः प्ले स्टोर से ही जीवन प्रमाण पत्र इंस्टॉल कर ओपन कर अपना जीवन प्रमाण पत्र कोषागार बहराइच में प्रेषित कर सकते हैं।
वरिष्ठ कोषाधिकारी ने बताया कि यह प्रमाण पत्र वर्ष में एक बार किसी भी माह में जमा किया जा सकता है। ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र उमंग ऐप के माध्यम से भी बायोमेट्रिक्स वेरिफिकेशन के साथ जमा किये जा सकते हैं। इसके लिए उन्हें कोषागार आने की अनिवार्यता नहीं होगी। यदि पेंशनर्स को अपना पीपीओ नंबर ज्ञात नहीं है तो कोषवानी डाट यूपी डाट एनआईसी डाट इन वेबसाइट के माध्यम से अपने खाता संख्या का विवरण भरकर पेंशन पेमेंट/पीपीओ नंबर ज्ञात कर सकते हैं।
वरिष्ठ कोषाधिकारी ने कहा कि सेवानिवृत्त/पारिवारिक पेंशनरों की सुविधा के लिए डिजिटल ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने की यह सुविधा शासन द्वारा दी गई है, ताकि पेंशनर्स अपने जीवन प्रमाण पत्र जमा करने को लेकर अन्यत्र कहीं भागदौड़ न करें और अपनी सुविधानुसार वेबसाइट का प्रयोग कर कहीं से भी प्रमाण पत्र दाखिल कर सकें। इस सुविधा से बुजुर्ग पेंशनरों तथा जनपद के बाहर या दूरदराज अन्यत्र रहने वाले पेंशनरों को सुविधा होगी। उन्होंने सभी पेंशनरों से इस सुविधा का लाभ उठाने तथा डिजिटल ऐप के माध्यम से अपना जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने की अपेक्षा की है।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः