महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। पवित्र धर्मनगरी अयोध्या धाम स्थित प्रसिद्ध हनुमान गुफा सिद्ध पीठ (संकट मोचन हनुमान किला परिसर) में अन्नकूट एवं भव्य छप्पन भोग प्रसाद का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। हनुमान गुफा सिद्ध पीठ के महंत परशुराम दास महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बजरंगबली का भव्य श्रृंगार कर उन्हें विभिन्न प्रकार के व्यंजनों व मिठाइयों का छप्पन भोग अर्पित किया गया। फूलों और झालरों से सजा मंदिर परिसर प्रातः काल से ही मंदिर परिसर को देशी-विदेशी फूलों, रंग-बिरंगी झालरों और भव्य तोरणद्वारों से बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया था। विशेष आरती के उपरांत जैसे ही छप्पन भोग के दर्शन आम श्रद्धालुओं के लिए खोले गए, पूरा मंदिर परिसर “जय श्रीराम” और “जय हनुमान” के गगनभेदी उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।
विश्व कल्याण और शांति की प्रार्थना कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए महंत परशुराम दास महाराज ने बताया कि अन्नकूट और छप्पन भोग का यह उत्सव भगवान की कृपा और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का एक दिव्य माध्यम है। उन्होंने कहा कि हनुमान जी महाराज अपने भक्तों के सभी कष्टों को हरने वाले सिद्ध पीठ के अधिष्ठाता हैं। इस अवसर पर विशेष रूप से संपूर्ण विश्व के कल्याण, शांति तथा समृद्धि की कामना की गई। भक्तिरस में डूबे श्रद्धालु अनुष्ठान के दौरान आयोजित भव्य भजन संध्या में स्थानीय एवं दूर-दराज से पधारे संतों व संगीतकारों ने हनुमान जी के मनमोहक भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिससे उपस्थित सभी श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
इस अवसर पर अयोध्या के प्रमुख साधु-संत, महंत, गणमान्य नागरिक एवं भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं और संतों को छप्पन भोग एवं महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसे पाकर भक्तगण स्वयं को धन्य महसूस कर रहे थे।