खेल से स्वास्थ्य, स्वास्थ्य से संस्कार और संस्कार से राष्ट्र निर्माण का संदेश : पुलिस अधीक्षक बस्ती ”

खेल से स्वास्थ्य, स्वास्थ्य से संस्कार और संस्कार से राष्ट्र निर्माण का संदेश : पुलिस अधीक्षक बस्ती ”

“खेलकूद से विद्यार्थी बनते हैं अनुशासित और आत्मविश्वासी : हेमचंद्र जी

 

37वीं क्षेत्रीय कबड्डी एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य शुभारम्भ

 

लवकुश सिंह संवाददाता

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामबाग-बस्ती में विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र द्वारा आयोजित 37वीं क्षेत्रीय कबड्डी एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य शुभारम्भ राष्ट्रभक्ति, खेल भावना एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। प्रतियोगिता 05 सितम्बर की सायं 5 बजे से 07 सितम्बर 2026 के मध्याह्न तक आयोजित की जा रही है। इसमें विभिन्न विद्यालयों से आए 331 भैया-बहन खिलाड़ी, 25 संरक्षक आचार्य बंधु-भगिनी तथा 23 निर्णायक सहभागिता कर रहे हैं।

कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, पुष्पार्चन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गोविन्द सिंह ने अतिथियों का परिचय कराया। अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर समारोह गान एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बस्ती के पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह तथा विशिष्ट अतिथि विद्या भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री मा. हेमचंद्र जी रहे। अपने उद्बोधन में मा. हेमचंद्र जी ने सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों को माता-पिता एवं शिक्षकों के सम्मान की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्या भारती शिक्षा के साथ-साथ संस्कार एवं खेलकूद के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व, सहयोग, संघर्षशीलता एवं टीम भावना का विकास करता है।

 

उन्होंने कहा कि विद्या भारती के अनेक विद्यार्थी एसजीएफआई एवं राष्ट्रीय स्तर की टीमों में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने खेल के क्षेत्र में विद्या भारती के विद्यालयों के योगदान की चर्चा करते हुए उपलब्धियों का उल्लेख किया।

 

मुख्य अतिथि डॉ. यशवीर सिंह ने प्रतियोगिता के उद्घाटन की घोषणा की। विद्यालय के हिन्दी विषय के आचार्य श्री वायु नंदन मिश्रा द्वारा उद्घाटन मंत्र पाठ एवं शंख वादन के साथ प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को खेल भावना एवं अनुशासन की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन हिन्दी के वरिष्ठ आचार्य श्री आशीष सिंह ने किया।

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है।” खेल जीवन में अनुशासन, ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेलों में सहभागिता करने तथा शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद जी के विचारों का स्मरण करते हुए युवाओं से जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेलों से अनुशासन, टीमवर्क और सकारात्मक जीवनशैली का विकास होता है।

 

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गोविन्द सिंह ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरस्वती विद्या मंदिर रामबाग-बस्ती के लिए यह गौरव का विषय है कि विद्यालय परिसर में पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र की प्रतिष्ठित क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता आयोजित हो रही है।

 

क्षेत्रीय खेलकूद प्रमुख श्री जगदीश सिंह ने विद्या भारती द्वारा क्षेत्र में आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं खेल गतिविधियों का विस्तृत परिचय प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग है और इसके माध्यम से विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।

 

गोरक्ष प्रान्त के प्रदेश निरीक्षक श्री राम सिंह ने प्रतियोगिता में सम्मिलित सभी खिलाड़ियों एवं संरक्षक आचार्य बंधु-भगिनियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि स्वयं को बेहतर बनाने, नई प्रतिभाओं से सीखने और उत्कृष्टता की ओर बढ़ने का अवसर है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से खेल भावना, अनुशासन एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा के साथ प्रतियोगिता में सहभागिता का आह्वान किया।

 

अन्त में विद्यालय के प्रबंधक डॉ. सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, निर्णायकों, आचार्य बंधु-भगिनियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

इस अवसर पर विभाग प्रचारक ऋषि जी, बालिका विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती प्रियंका सिंह, सरस्वती शिशु मंदिर रामबाग के प्रधानाचार्य श्री प्रमोद श्रीवास्तव, जिला प्रचारक श्री सर्वेन्द्र जी, विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी श्री अरविंद त्रिपाठी एवं श्री राजेश मिश्र, आचार्य बंधु-भगिनी, खिलाड़ी भैया-बहनें, खेल प्रशिक्षक, निर्णायक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।