जिला महिला चिकित्सालय में बच्चों के लिए बना ‘रोटरी प्ले जोन’, इलाज के बीच झूलों से मिलेगी खुशी और तनाव से राहत
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। जिला महिला चिकित्सालय परिसर में रोटरी क्लब बस्ती मिड टाउन की ओर से बच्चों के मनोरंजन एवं उन्हें सकारात्मक और खुशनुमा माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘रोटरी प्ले जोन’ की स्थापना की गई है। प्ले जोन में बच्चों के लिए आकर्षक एवं सुरक्षित झूले लगाए गए हैं। इसका उद्देश्य अस्पताल में इलाज, जांच अथवा अपने परिजनों के साथ आने वाले बच्चों की बेचैनी और ऊब को कम करना तथा उन्हें कुछ समय खेल एवं मनोरंजन का अवसर प्रदान करना है।
रोटरी प्ले जोन का उद्घाटन जिला महिला चिकित्सालय के सीएमएस एवं मुख्य अतिथि डॉ. अनिल कुमार ने किया। उद्घाटन अवसर पर रोटेरियन डॉ. के.के. सिंह ने मुख्य अतिथि डॉ. अनिल कुमार को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान रोटरी क्लब के सदस्यों, चिकित्सकों एवं गणमान्य नागरिकों ने पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
रोटरी क्लब बस्ती मिड टाउन के अध्यक्ष डॉ. डी.के. गुप्ता ने कहा कि बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्ले जोन की शुरुआत की गई है। अस्पताल का वातावरण अक्सर बच्चों के लिए तनावपूर्ण और असहज हो सकता है। ऐसे में खेल एवं मनोरंजन की सुविधा उन्हें सकारात्मक माहौल देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
क्लब के सचिव रोटेरियन आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि अस्पताल में आने वाले कई बच्चे इलाज और जांच के दौरान लंबे समय तक इंतजार करते हैं। इस दौरान उनमें बेचैनी और ऊब की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। प्ले जोन उन्हें व्यस्त रखने के साथ उनके चेहरे पर मुस्कान लाने में सहायक होगा।
कोषाध्यक्ष रोटेरियन विवेक वर्मा ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। झूलों और खेल गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को मनोरंजन के साथ शारीरिक सक्रियता का अवसर भी मिलेगा।
रोटेरियन डॉ. के.के. सिंह ने इस पहल को मानवीय एवं जनहितकारी कार्य बताते हुए कहा कि समाजसेवा का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि बच्चों के लिए ऐसा वातावरण तैयार करना भी जरूरी है, जहां उन्हें अपनापन और खुशी महसूस हो।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य, चिकित्सक, अस्पताल कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने प्ले जोन को बच्चों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए इसके रखरखाव और सुरक्षित संचालन पर जोर दिया।
रोटरी क्लब बस्ती मिड टाउन ने भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल कल्याण और जनसेवा से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। जिला महिला चिकित्सालय में स्थापित रोटरी प्ले जोन अस्पताल आने वाले बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने और उन्हें तनावमुक्त वातावरण देने की दिशा में सराहनीय पहल है।