मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से पूजा बनीं आत्मनिर्भर, लिखी सफलता की नई इबारत
3.22 लाख रुपये के ऋण से शुरू किया कारोबार, जन सेवा केन्द्र और मोबाइल रिपेयरिंग से बनाई अलग पहचान
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती । जनपद बस्ती के जमदीह पांडेय क्षेत्र की निवासी पूजा ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना का लाभ लेकर स्वरोजगार के क्षेत्र में प्रेरणादायक सफलता हासिल की है। सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और लगन के साथ उन्होंने अपना व्यवसाय स्थापित कर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया है। आज पूजा न केवल स्वयं के लिए रोजगार का साधन बना चुकी हैं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को डिजिटल एवं विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत आर्थिक सहयोग प्राप्त कर पूजा ने अपने क्षेत्र में ‘पूजा जन सेवा केन्द्र’ की स्थापना की। जन सेवा केन्द्र के माध्यम से वह कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) से संबंधित विभिन्न डिजिटल एवं सरकारी सेवाएं लोगों तक पहुंचा रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने मोबाइल रिपेयरिंग के कार्य को भी अपने कारोबार का हिस्सा बनाया है।
अपने व्यवसाय को व्यवस्थित रूप से स्थापित करने के लिए पूजा को भारतीय स्टेट बैंक, बस्ती से 3,22,222 रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस आर्थिक सहयोग से उन्होंने आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था कर जन सेवा केन्द्र एवं मोबाइल रिपेयरिंग का कार्य शुरू किया। सरकारी योजना से मिले वित्तीय सहयोग ने उनके आत्मनिर्भर बनने के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आज पूजा का जन सेवा केन्द्र आसपास के ग्रामीण नागरिकों के लिए उपयोगी साबित हो रहा है। यहां लोगों को विभिन्न डिजिटल सेवाओं के साथ सरकारी योजनाओं से जुड़ी आवश्यक जानकारी और सुविधाएं आसानी से मिल रही हैं। इससे ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की जरूरत कम हुई है।
मोबाइल रिपेयरिंग के क्षेत्र में कार्य कर पूजा ने युवाओं, विशेषकर महिलाओं के सामने स्वरोजगार का सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनका मानना है कि वर्तमान समय में डिजिटल सेवाओं और तकनीकी क्षेत्र में रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। युवा अपनी रुचि के अनुसार कौशल विकसित कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं तो स्वयं का रोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
अन्य महिलाओं और युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
पूजा की सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र की अन्य महिलाओं और युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, सही मार्गदर्शन, सरकारी योजनाओं का सहयोग और निरंतर मेहनत के बल पर सीमित संसाधनों में भी सफलता हासिल की जा सकती है।
पूजा की प्रमुख उपलब्धियां
ग्रामीण नागरिकों तक डिजिटल एवं सरकारी सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करना।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित कर आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल करना।
मोबाइल रिपेयरिंग एवं तकनीकी कार्यों के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना।
स्थायी आय का स्रोत विकसित कर आत्मनिर्भर भारत एवं आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की भावना को मजबूत करना।
ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के लिए उद्यमिता का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करना।
पूजा की सफलता की यह कहानी बताती है कि सरकार की स्वरोजगार एवं जनकल्याणकारी योजनाएं युवाओं और महिलाओं के सपनों को नई उड़ान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। आर्थिक सहयोग के साथ यदि मेहनत और लगन का समन्वय हो तो युवा न केवल अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं, बल्कि समाज और क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।