मंडलीय मेगा क्रेडिट कैंप में 3558 लाभार्थियों को मिला 88.30 करोड़ रुपये का ऋण
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशानुसार मंडलीय मेगा क्रेडिट कैंप/ऋण मेले का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति एवं वितरण कर स्वरोजगार, उद्यमिता तथा आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा।
ऋण मेले में विधायक हर्रैया प्रतिनिधि सरोज मिश्र, कप्तानगंज के गुलाब चन्द्र सोनकर, बस्ती सदर के मो. सलीम तथा एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह की उपस्थिति में मंडल के कुल 3558 लाभार्थियों को लगभग 8829.84 लाख रुपये (88.30 करोड़ रुपये) का ऋण वितरित किया गया।
इसमें बस्ती जनपद के 1991 लाभार्थियों को 5683.39 लाख रुपये, सिद्धार्थनगर के 1188 लाभार्थियों को 2744.68 लाख रुपये तथा संतकबीर नगर के 379 लाभार्थियों को 401.77 लाख रुपये का ऋण प्रदान किया गया।
मंडलीय मेगा क्रेडिट कैंप में मंडल के सभी बैंकों ने सक्रिय सहभागिता की। विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को ऋण स्वीकृत किए गए। कार्यक्रम में विशेष रूप से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, स्वरोजगार, लघु उद्यम तथा सौर ऊर्जा से संबंधित योजनाओं पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को अपना व्यवसाय शुरू करने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक सिद्धार्थनगर आर.के. सिन्हा, अग्रणी जिला प्रबंधक संतकबीर नगर पवन कुमार सिन्हा, मंडल के जिला समन्वयक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अग्रणी जिला प्रबंधक आर.एन. मौर्य ने किया। उन्होंने मंडलीय मेगा क्रेडिट कैंप को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन एवं सभी सहभागी बैंकों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।