महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। मिल्कीपुर (अयोध्या) के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बाबा गोरखनाथ ने बुधवार को राजधानी लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुलाकात के दौरान बाबा गोरखनाथ ने मिल्कीपुर क्षेत्र की सड़कों के चौड़ीकरण, पेयजल, सिंचाई तथा स्थानीय जनहित से जुड़ी कई प्रमुख मांगों को लेकर मुख्यमंत्री जी को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री महाराज जी से आग्रह किया कि इन समस्याओं का जल्द से जल्द निस्तारण कराया जाए, जिससे क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके और विकास कार्यों को और गति मिले। पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज जी ने सभी समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया है कि मिल्कीपुर की समस्याओं का शीघ्र अति शीघ्र समाधान कराया जाएगा। पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में जनसमस्याओं का समयबद्ध और त्वरित निस्तारण शामिल है। मुख्यमंत्री जी के सकारात्मक आश्वासन से मिल्कीपुर क्षेत्र की जनता में खुशी की लहर है और जल्द ही इन समस्याओं के समाधान से क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाई मिलेगी।