सावन के तृतीय सोमवार पर एसपी संदीप कुमार मीना ने कोपिया शिव मंदिर व कुबेरनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना
मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिए आवश्यक निर्देश
कोपिया शिव मंदिर व कुबेरनाथ मंदिर में पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था पर रहा विशेष फोकस
जितेंद्र पाठक
संतकबीरनगर। सावन मास के तृतीय सोमवार के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना ने थाना बखिरा क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध कोपिया शिव मंदिर तथा मेहदावल के कुबेरनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं जलाभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने जनपदवासियों के सुख, शांति, समृद्धि तथा मंगलमय जीवन की कामना की।
पूजन-अर्चन के बाद पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर तथा आसपास की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल प्वाइंट, ड्यूटी प्वाइंट तथा श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों तथा कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता एवं मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण में दर्शन-पूजन की सुविधा मिल सके।
सावन मास को देखते हुए संतकबीरनगर पुलिस जनपद के प्रमुख शिव मंदिरों तथा धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार निगरानी कर रही है।