सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना व अपर जिलाधिकारी ने सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
तहसील मेंहदावल में फरियादियों की शिकायतों पर हुई सुनवाई, निष्पक्ष व समयबद्ध निस्तारण पर दिया गया जोर
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर चेतावनी, पुलिस व राजस्व विभाग को बेहतर समन्वय के निर्देश
जितेंद्र पाठक
संतकबीरनगर। तहसील मेंहदावल में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना एवं अपर जिलाधिकारी ने पहुंचकर जनसामान्य की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में फरियादियों की शिकायतों की सुनवाई की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत का मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से शत-प्रतिशत निस्तारण किया जाए।
अधिकारियों ने पुलिस एवं राजस्व विभाग से संबंधित मामलों के निस्तारण में आपसी समन्वय और सामंजस्य बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद अधिकारियों ने शिकायत पंजिका का निरीक्षण कर पूर्व में निस्तारित मामलों का फीडबैक भी लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा। इस अवसर पर पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।