स्वस्थ बस्ती, सुरक्षित बस्ती हमारा संकल्प : मनीष मिश्रा
पहल संस्था जल्द देगी अत्याधुनिक एम्बुलेंस की सौगात, पहले चरण में एक और बाद में तीन अतिरिक्त एम्बुलेंस होंगी समर्पित
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। पहल संस्था के संस्थापक एवं समाजसेवी मनीष मिश्रा ने जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एम्बुलेंस सेवा शुरू करने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में एक एम्बुलेंस शीघ्र ही बस्ती को समर्पित की जाएगी, जबकि इसके बाद तीन और एम्बुलेंस जनसेवा के लिए उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि समय पर उपचार के अभाव में किसी भी व्यक्ति का जीवन संकट में न पड़े।
मनीष मिश्रा ने कहा कि “स्वस्थ बस्ती, सुरक्षित बस्ती हमारा संकल्प है।” उन्होंने बताया कि पहल संस्था सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही है और बस्ती को विकास तथा आत्मनिर्भरता के नए आयामों तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि संस्था ने बीते कुछ महीनों में कई उल्लेखनीय कार्य किए हैं। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए हजारों सिलाई मशीनों का वितरण, सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से सामूहिक सोहर गायन का गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होना तथा “वेस टू स्पेस” की अवधारणा के साथ बस्ती को डिजिटल और आधुनिक पहचान दिलाने का अभियान संस्था की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं।
मनीष मिश्रा ने बताया कि अब स्वास्थ्य सेवाओं को संस्था की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है। आधुनिक उपकरणों से लैस एम्बुलेंस आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उनका कहना था कि सुदृढ़ आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था से अनेक लोगों का जीवन बचाया जा सकता है।
29 अगस्त को आयोजित होने वाले एक विशाल युवा कार्यक्रम की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में जनपद के 50 हजार से अधिक Gen-Z युवा एक स्वर, एक संकल्प और एक भावना के साथ राष्ट्र आराधना में भाग लेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करना है।
उन्होंने बताया कि ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े विधायी संरक्षण मिलने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में बस्ती का युवा वर्ग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त करेगा। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक आयोजन, प्रेरक प्रस्तुतियां तथा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
अंत में मनीष मिश्रा ने जनपदवासियों से इस जनकल्याणकारी अभियान में सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि समाज के सामूहिक सहयोग से ही स्वस्थ, सुरक्षित और विकसित बस्ती के संकल्प को साकार किया जा सकता है।