विश्व सांकेतिक भाषा दिवस पर नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश

विश्व सांकेतिक भाषा दिवस पर नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश

 

अम्बेडकर नगर। महामाया राजकीय ऐलोपैथिक मेडिकल कॉलेज में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत International Week of Deaf People (IWDP) 2026 के तीसरे दिन विश्व सांकेतिक भाषा दिवस के अवसर पर ईएनटी विभाग में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नर्सिंग छात्र-छात्राओं द्वारा बधिरता के प्रति जागरूकता एवं सांकेतिक भाषा के महत्व पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव तथा विशिष्ट अतिथि मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार रहे। नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने अपने अभिनय के माध्यम से यह संदेश दिया कि श्रवण बाधित लोगों के साथ संवाद स्थापित करने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में सांकेतिक भाषा की महत्वपूर्ण भूमिका है।

 

प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि श्रवण बाधिता के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना और सांकेतिक भाषा को समझने के लिए लोगों को प्रेरित करना आवश्यक है। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए सभी से दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम का संचालन ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रमोद यादव ने किया। इस अवसर पर डॉ. चंद्रभान, डॉ. सुशील, डॉ. साजन, वाइस प्रिंसिपल नर्सिंग, ईएनटी विभाग के समस्त वरिष्ठ एवं जूनियर चिकित्सक, इंटर्न, नर्सिंग छात्र-छात्राएं तथा नेत्र विभाग के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।