10 हजार श्रद्धालुओं ने किए विश्व प्रसिद्ध तांत्रिक श्रीनन्दकिशोर श्रीमाली के दर्शन, गुरु पूर्णिमा महोत्सव का भव्य समापन….

 

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या के कारसेवकपुरम में अंतरराष्ट्रीय सिद्धाश्रम साधक परिवार उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय पारमेष्टि गुरु शक्ति गुरु पूर्णिमा महोत्सव-2026 का भव्य समापन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों के अलावा नेपाल और भूटान से आए श्रद्धालुओं सहित 10 हजार से अधिक गुरु भाई एवं भक्तों ने भाग लिया और विश्व प्रसिद्ध तांत्रिक एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शक श्रीनन्दकिशोर श्रीमाली के दर्शन, पूजन एवं मार्गदर्शन का लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में पहुंचे श्रद्धालुओं ने श्रीमाली के सानिध्य में आध्यात्मिक साधना, गुरु भक्ति और मंत्र विज्ञान से जुड़े विविध विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। आयोजन के दौरान भक्तों में गुरु दर्शन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

श्री किशोर श्रीमाली राजस्थान के जोधपुर निवासी हैं। उनके पिता डॉ. नारायण दत्त श्रीमाली ने राजस्थान में सिद्धाश्रम साधक परिवार की स्थापना की थी। उनका आध्यात्मिक एवं साधना कार्य देश-विदेश में ‘निखिल मंत्र विज्ञान’ के नाम से व्यापक रूप से जाना जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री किशोर श्रीमाली वर्षों से साधकों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।

महोत्सव के दौरान बाहर से आए सभी श्रद्धालुओं के लिए आवास, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई। अयोध्या एवं बाहर से आए श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन हुआ, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम के प्रमुख संयोजक फौजदार सिंह ने बताया कि गुरु परिवार के सानिध्य में आने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया और आध्यात्मिक उन्नति के साथ जीवन में अनेक उपलब्धियां प्राप्त हुईं। उन्होंने कहा कि श्रीनन्दकिशोर श्रीमाली का आध्यात्मिक मार्गदर्शन समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे, इसी उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष में इस विशाल गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि गुरु कृपा से लोग अपने जीवन के दुखों से मुक्ति पाकर सुख, शांति और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्राप्त करें, यही इस आयोजन का मूल उद्देश्य है। गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, सरयू तट, हनुमानगढ़ी, कनक भवन, भरतकुंड सहित अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन-पूजन भी किए। महोत्सव के सफल आयोजन में दिवाकर सिंह, राम मिलन सिंह, शिव दास सिंह, डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा, डॉ. दिनेश मिश्रा, मनोज, मीरा मिश्रा, रमा शंकर यादव बाबू हरी द्वार सिंह सहित अनेक कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।