प्रभावी पैरवी से अपराधियों को सजा दिलाने वाले अभियोजन अधिकारी सम्मानित

प्रभावी पैरवी से अपराधियों को सजा दिलाने वाले अभियोजन अधिकारी सम्मानित

 

न्यायालय में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला प्रशस्ति पत्र, बढ़ा मनोबल

 

कड़ी पैरवी से गंभीर मामलों में अपराधियों को मिली कठोर सजा

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर, 02 जुलाई 2026। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना द्वारा पुलिस कार्यालय में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन कर उन अभियोजन अधिकारियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर अपराधियों को सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अधिकारियों द्वारा लंबित वादों में व्यक्तिगत रुचि लेकर पूर्ण निष्ठा, लगन और मेहनत के साथ कार्य किया गया है। इसी का परिणाम है कि कई गंभीर मामलों में अपराधियों को कठोर सजा दिलाई जा सकी, जिनमें बीस वर्ष तक के कारावास के मामले भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई से न केवल न्याय प्रक्रिया को मजबूती मिलती है, बल्कि आमजन का विश्वास भी बढ़ता है।

सम्मान समारोह के दौरान अभिमन्यु पाल (एएसजे/पॉक्सो कोर्ट), विशाल श्रीवास्तव (जिला शासकीय अधिवक्ता-फौजदारी), विवेक प्रताप सिंह (एडीजीसी/एएसजे प्रथम कोर्ट) और अनिल कुमार सिंह (एएसजे/पॉक्सो कोर्ट) को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे आगे भी इसी प्रकार निष्पक्षता, प्रतिबद्धता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में अपना योगदान देते रहें।