मुख्यमंत्री योगी के संभावित दौरे की दस्तक हरैया में प्रशासन हाई अलर्ट बीआरसी परिसर में युद्धस्तर पर तैयारियां विधायक अजय सिंह के साथ डीएम एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण
बस्ती । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे को लेकर हरैया में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल बीआरसी परिसर को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। जनसभा स्थल, हेलीपैड, सुरक्षा व्यवस्था और वीआईपी प्रोटोकॉल से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को युद्धस्तर पर अंतिम रूप दिया जा रहा है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।गुरुवार को हरैया विधायक अजय सिंह, जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बीआरसी परिसर पहुंचकर प्रस्तावित जनसभा स्थल, हेलीपैड, सुरक्षा घेरा, बैरिकेडिंग, पार्किंग, वीआईपी रूट, यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा की और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए पूरे हरैया क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। पुलिस प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर प्रत्येक व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, सुविधा और प्रबंधन से जुड़े हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि मुख्यमंत्री का संभावित दौरा पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी उमाकांत तिवारी, विधायक प्रतिनिधि सरोज बाबा, भाजपा नेता अमर सिंह, भाजपा नेता शिवम तिवारी, मान सिंह, वन क्षेत्राधिकारी शारदानंद त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी विनय द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम की आहट के साथ ही हरैया में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। अधिकारी लगातार तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं, जबकि संबंधित विभागों को हर व्यवस्था समय पर और मानकों के अनुरूप पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।