महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। नगर निगम का अयोध्या धाम जोनल कार्यालय अब अपने नए और आधुनिक भवन में शिफ्ट हो गया है। गुरुवार को महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार और उपसभापति संतोष सिंह की उपस्थिति में वैदिक रीति-रिवाज से पूजन-अर्चन कर और नारियल फोड़कर नए कार्यालय का औपचारिक शुभारंभ किया।
आधुनिक सुविधाओं से लैस है नया भवन उद्घाटन के बाद आयोजित पार्षदों की बैठक को संबोधित करते हुए महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘स्टेट स्मार्ट सिटी योजना’ के तहत इस भव्य भवन के निर्माण के लिए संपूर्ण धनराशि उपलब्ध कराने के लिए हम मुख्यमंत्री के ऋणी हैं।
महापौर ने बताया कि यह भवन कार्यक्षमता को बढ़ाने वाला है। यहाँ कर्मचारियों के लिए व्यवस्थित बैठने की जगह और आगंतुकों के लिए पर्याप्त प्रतीक्षालय उपलब्ध है। जनता की सुविधा के लिए विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं, जिससे अब नगर वासियों को अपने कार्य के लिए संबंधित पटल को ढूंढने में कोई कठिनाई नहीं होगी और काम सुचारू रूप से हो सकेंगे।
11.19 करोड़ की लागत से हुआ निर्माण नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने भवन की जानकारी देते हुए बताया कि आसिफबाग स्थित इस नवीन भवन का निर्माण 11.19 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। भवन का निर्माण कार्य 22 नवंबर 2023 को शुरू हुआ था। उल्लेखनीय है कि इस भवन का लोकार्पण 19 जून 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान किया था।
कार्यक्रम में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति इस अवसर पर नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि कार्यक्रम में भाजपा पार्षद दल के नेता बृजेंद्र सिंह, पूर्व उपसभापति राजेश गौड़ सहित पार्षद रिशु पांडे, महेन्द्र शुक्ला, अनिल सिंह, अंकित त्रिपाठी, मनीष कुमार, अनिकेत यादव, लुल्लुर यादव, अभय श्रीवास्तव, दीपकुमार गुप्त, सुनील यादव, हरिश्चंद्र अग्रहरि, सूर्यकुमार तिवारी ‘सूर्या’, जगतनरायन यादव, अजय पांडेय और धर्मेंद्र मिश्र आदि उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त विभागीय अधिकारियों में अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेन्द्र नाथ, भारत भार्गव, सहायक नगर आयुक्त गुरु प्रसाद पांडे और जोनल अधिकारी अशोक गुप्त सहित बड़ी संख्या में निगम कर्मी मौजूद रहे।