मुंबई। अंधेरी पश्चिम स्थित एक स्टूडियो में जयश्री कृष्णा कम्बाइंस के बैनर तले हिंदी कॉमेडी फिल्म ‘फोकटिया बाबू’ का भव्य मुहूर्त क्लैप पूजा के साथ संपन्न हुआ। फिल्म के शुभारंभ अवसर पर फिल्म जगत, सामाजिक क्षेत्र और विभिन्न प्रतिष्ठित हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वेस्टर्न रेलवे के अधिकारी डॉ. अमर बहादुर पटेल, नैसर्गिक विकलांग सेवा संघ के अध्यक्ष टी. एन. दुबे तथा उद्योगपति काशीनाथ पांडे मौजूद रहे।
फिल्म के निर्माता वीरेंद्र सिंह और निर्देशक प्रेम कुमार सिंह ने मुहूर्त के अवसर पर फिल्म की कहानी और इसकी विशेषताओं के बारे में जानकारी साझा की। नाम से ही स्पष्ट है कि ‘फोकटिया बाबू’ एक मनोरंजक कॉमेडी फिल्म है, जिसमें हास्य, जुगाड़, गलतफहमियां और देसी अंदाज का भरपूर तड़का देखने को मिलेगा।
फिल्म की कहानी एक ऐसे चालाक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो बिना पैसा खर्च किए जिंदगी के हर सुख का आनंद लेना चाहता है। उसकी छोटी-छोटी जुगाड़ें और मुफ्तखोरी की आदतें कब बड़े बवाल में बदल जाती हैं, यही इस फिल्म का सबसे बड़ा हास्य पक्ष है। कहानी में कई ऐसे मोड़ आते हैं, जहां दर्शक हँसी से लोटपोट हो जाएंगे।
निर्देशक प्रेम कुमार सिंह ने कहा, “फोकटिया बाबू केवल एक कॉमेडी फिल्म नहीं है, बल्कि यह एक ऐसे इंसान की कहानी है जो पूरी दुनिया जीतने का सपना देखता है। वह सबको हंसाता है, खुशियां बांटता है, लेकिन फिल्म के अंत में एक ऐसा भावनात्मक क्षण आता है जो दर्शकों को भीतर तक छू जाएगा। मुझे विश्वास है कि क्लाइमेक्स में दर्शकों की आंखें नम हो जाएंगी। यह फिल्म हंसी और भावनाओं का अनूठा संगम है। मैं सभी दर्शकों से अनुरोध करता हूं कि थोड़ा सब्र रखें और इस शानदार फिल्म का इंतजार करें।”
फिल्म में हरीश हराया, अयाज खान, नीलम पांडे, आंचल चौहान, आलोक, गोपाल सहित कई प्रतिभाशाली कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। निर्माता और निर्देशक का दावा है कि यह फिल्म पारिवारिक मनोरंजन से भरपूर होगी और हर वर्ग के दर्शकों को पसंद आएगी।
मुहूर्त समारोह के दौरान पूरी टीम ने फिल्म की सफलता के लिए पूजा-अर्चना की और शीघ्र ही फिल्म की शूटिंग शुरू होने की घोषणा की। फिल्म ‘फोकटिया बाबू’ अपनी हास्यप्रधान कहानी, दमदार कलाकारों और भावनात्मक संदेश के कारण दर्शकों के बीच अभी से चर्चा का विषय बन गई है।
कोरील राजेश कुमार