दबंगई के डर से गांव छोड़ रहे लोग, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने उठाया मामला
ब्लॉक प्रमुख पर गंभीर आरोप, डीएम से जांच और कार्रवाई की मांग
“पीड़ितों को सुरक्षा देकर वापस बसाया जाए” — रामानन्द बौद्ध
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर।जनपद के नाथनगर विकास खण्ड के ग्राम सभा टिकुई कोल बाबू में कथित दबंगई और भय के चलते राजभर समाज के कई परिवारों के पलायन का मामला सामने आया है। इस संबंध में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव एवं पूर्व विधायक रामानन्द बौद्ध ने जिलाधिकारी संतकबीरनगर को ज्ञापन सौंपकर उच्च स्तरीय जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि ब्लॉक प्रमुख नाथनगर रामबृक्ष यादव के भय और दबाव के कारण गांव के लोग खुलकर विरोध नहीं कर पाते हैं। पार्टी का कहना है कि लंबे समय से उत्पीड़न के चलते अमरनाथ राजभर, जनार्दन राजभर सहित कई परिवार गांव छोड़ने को मजबूर हो गए हैं।
इसके अलावा ज्ञापन में फर्जी मुकदमों में फंसाने, मारपीट, धमकी, भूमाफिया गतिविधियों और अवैध शराब संचालन जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। पार्टी नेताओं ने प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
रामानन्द बौद्ध ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पलायन कर चुके परिवारों को सुरक्षा प्रदान कर उन्हें वापस गांव में बसाया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि गांव में शांति व्यवस्था कायम रह सके।