सम्पूर्ण समाधान दिवस में 219 शिकायतों की सुनवाई, 38 का मौके पर निस्तारण

सम्पूर्ण समाधान दिवस में 219 शिकायतों की सुनवाई, 38 का मौके पर निस्तारण

 

जन समस्याओं के समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश,

लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

 

पुलिस मामलों में त्व रित कार्यवाही के लिए थानाध्यक्षों को निर्देश, तीनों तहसीलों में चला सुनवाई अभियान

 

जितेंद्र पाठक

 

संत कबीर नगर, जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में खलीलाबाद तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना भी उपस्थित रहे। इस दौरान जनसामान्य की शिकायतों को सुनते हुए मौके पर निस्तारण योग्य प्रकरणों का त्वरित समाधान कराया गया तथा शेष मामलों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक निस्तारण ही सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

खलीलाबाद तहसील में कुल 97 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 13 का मौके पर निस्तारण किया गया। 09 मामलों में स्थलीय निरीक्षण हेतु टीम भेजी गई, जबकि शेष प्रकरण संबंधित विभागों को कार्रवाई हेतु सौंपे गए।

कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की सुनवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि हर शिकायत पर मौके पर जाकर कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रियम राजशेखर पांडेय, तहसीलदार आनंद ओझा, नायब तहसीलदार हरेराम यादव सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

इसी क्रम में मेंहदावल तहसील में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए कुल 41 शिकायतों की सुनवाई की, जिनमें से 05 का मौके पर निस्तारण किया गया तथा 02 मामलों में स्थलीय जांच के लिए टीम भेजी गई। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

धनघटा तहसील में उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में कुल 81 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 20 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए। भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण, वरासत एवं खतौनी से जुड़ी शिकायतों को विशेष प्राथमिकता के साथ निस्तारित करने को कहा गया।

जनपद की तीनों तहसीलों में आयोजित समाधान दिवस में कुल 219 प्रार्थना पत्रों की सुनवाई की गई, जिनमें से 38 मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया।