बस्ती प्रभारी निरीक्षक हर्रैया तहसीलदार सिंह द्वारा कल टावर पर चढ़कर हंगामा करने वाले युवक के विरुद्ध आज कार्रवाई की गई। उल्लेखनीय है कि दिनांक 03.06.2026 की शाम को थाना हर्रैया क्षेत्रांतर्गत ग्राम खमरियासुजात में जन्मेजय सिंह उर्फ जय सिंह नाम का एक युवक शराब के नशे में गांव के सिवान के बाहर लगे जिओ टावर पर चढ़ गया था और वहां से नीचे कूद जाने की धमकी तथा प्रकोपनपूर्ण शब्द उच्चारित कर रहा था। जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि इनका अपने बड़े भाई दिवाकर सिंह से जमीन और पैसे के लेनदेन का विवाद था। गांव के कुछ लोगों के दुष्प्रेरण के फलस्वरुप वह शराब के नशे में टावर पर चढ़ गया और अपने भाई से पैसे की मांग कर रहा था। स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और ग्रामवासियों तथा परिजनों के सहयोग से किसी तरह से उसे नीचे उतारने में सफलता मिली। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया ले जाकर उसका चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया। जिओ टावर कंपनी द्वारा भी टावर की सुरक्षा में लापरवाही बरती गई है और इस तरह के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिससे कि किसी व्यक्ति को टावर पर चढ़ने या जनहानि से बचने का उचित प्रबंध हो। इस मामले में टावर पर चढ़ने वाले युवक जन्मेजय सिंह उर्फ जय सिंह (उम्र लगभग 28 वर्ष) निवासी ग्राम खमरियासुजात तथा जिओ टावर कंपनी के विरुद्ध थाना स्थानीय पर मुअप.संख्या 153/2026 धारा 125 351(3) 352 290 289 BNS के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। इसके साथ ही धारा 170/135/126 BNSS के अंतर्गत जय सिंह उर्फ विजय सिंह का चालान किया गया और उन्हें जेल भी रवाना किया गया है। इस मामले में अभियुक्त को दुष्प्रेरित करने वाले व्यक्तियों को भी चिन्हित किया जा रहा है।