नारी देश और समाज की आधारशिला’, सुंदरकांड पाठ के साथ हुआ मातृशक्ति का सम्मान

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या धाम। ज्येष्ठ माह के पांचवें बड़े मंगलवार के अवसर पर अयोध्या आई हॉस्पिटल के पीछे साहनी कॉलोनी में एक अनूठा आयोजन संपन्न हुआ। समाजसेविका नीलम सिंह के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं ने एकत्र होकर हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड का पाठ किया। इसके उपरांत राष्ट्र और समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका को लेकर ‘नारी शक्ति संगोष्ठी’ एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में समाजसेविका नीलम सिंह ने उपस्थित महिलाओं को तिलक लगाकर और रामनामी गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नारी देश और समाज की आधारशिला है, जो एक साथ शिक्षक, मार्गदर्शक और नीति-निर्माता की भूमिका निभाती है। अयोध्या मीडिया सेंटर की प्रबंध निदेशक रूबी सोनी ने कहा कि आज महिलाएं सेना, शिक्षा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग और तकनीक जैसे हर क्षेत्र में परचम फहराते हुए देश की जीडीपी में सक्रिय योगदान दे रही हैं। वहीं, नारी शक्ति सेना की प्रमुख गुड़िया त्रिपाठी और वरिष्ठ पत्रकार मंजू वर्मा ने भी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नारी के बिना एक सशक्त राष्ट्र की कल्पना अधूरी है।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति:
कार्यक्रम में गिरीश सिंह के विशेष सहयोग के साथ राजा अशोक सिंह, विद्या तिवारी, संगीता श्रीवास्तव, रेखा गोस्वामी (व्यवस्थापक, राम झरोखा मंदिर), नीलम शुक्ला, रेनू श्रीवास्तव, गीता मिश्रा (प्रमुख, सिद्धपीठ जालपा मंदिर), गायिका चंदा, और गायक करमचंद निषाद सहित सैकड़ों श्रद्धालु व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।