महेन्द्र कुमार उपाध्याय
दर्शन नगर (अयोध्या)। चैतन्य फाउंडेशन के तत्वावधान में स्थानीय विवेक सृष्टि परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देते हुए ‘रामराज संकल्प वृक्ष कोबिदार’ (कचनार) का पौधारोपण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अयोध्या नगर निगम के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी और माउंट आबू से पधारे प्रख्यात राजयोगी बीके हरी लाल भानुशाली महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने वैदिक मंत्रोच्चार और संकल्प के साथ कोबिदार के पौधे को रोपित किया। अतिथियों ने दिया पर्यावरण और संस्कृति का संदेश महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और ‘रामराज संकल्प वृक्ष’ के रूप में कोबिदार का रोपण अयोध्या की सांस्कृतिक और पर्यावरणीय समृद्धि को नया आयाम देगा। माउंट आबू से आए राजयोगी बीके हरी लाल भानुशाली ने प्रकृति और पुरुष के संतुलन पर जोर देते हुए सभी से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।
राजयोग मेडिटेशन से मन को मिली शांति वृक्षारोपण के उपरांत उत्तराखंड से विशेष रूप से पधारीं ब्रह्माकुमारी ज्योति बहन ने उपस्थित जनसमुदाय को राजयोग मेडिटेशन का गहन अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार पौधों को जल की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार आत्मा को परमात्मा की शक्तियों और शांति की जरूरत होती है। मेडिटेशन के इस सत्र से पूरा परिसर सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर हो गया। मीडिया कॉन्फ्रेंस में दी गई जानकारी इन सभी आयोजनों के उद्देश्य और भविष्य की रूपरेखा को साझा करने के लिए दर्शन नगर साईं के पूर्व में स्थित ब्रह्माकुमारीज सेवाकेंद्र पर एक मीडिया कॉन्फ्रेंस का भी आयोजन किया गया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय ब्रह्माकुमारी संस्था के संचालक बीके मुकेश भाई, इंजीनियर रवि तिवारी भाई, चंद्रशेखर भाई और बीके ज्योति बहन सहित भारी संख्या में प्रबुद्ध वर्ग व स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।