योग क्षेत्र में डॉ. नवीन सिंह को बड़ी उपलब्धि
आयुष मंत्रालय के योगा सर्टिफिकेशन बोर्ड से “योग प्रोटोकॉल इंस्ट्रक्टर” प्रमाणन प्राप्त
बस्ती। योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में सक्रिय समाजसेवी और योग विशेषज्ञ डॉ. नवीन सिंह को भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अंतर्गत योगा सर्टिफिकेशन बोर्ड द्वारा “योग प्रोटोकॉल इंस्ट्रक्टर” के रूप में प्रमाणित किया गया है। यह प्रमाणपत्र योग पेशेवरों के लिए निर्धारित प्रमाणन योजना के अंतर्गत प्रदान किया गया है।
डॉ. नवीन सिंह को यह प्रमाणन योगा सर्टिफिकेशन बोर्ड, आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी किया गया है। प्रमाणपत्र की वैधता 18 मई 2026 से 17 मई 2031 तक निर्धारित की गई है। मूल्यांकन की प्रक्रिया MODISH SERVICES PRIVATE LIMITED द्वारा संपन्न कराई गई।
इस उपलब्धि पर योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा से जुड़े लोगों, सामाजिक संगठनों तथा शुभचिंतकों ने डॉ. नवीन सिंह को बधाई दी है। लोगों का कहना है कि डॉ. सिंह लंबे समय से योग, प्राकृतिक चिकित्सा, आयुर्वेद एवं स्वास्थ्य जागरूकता के माध्यम से समाज को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
डॉ. नवीन सिंह ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने की वैज्ञानिक पद्धति है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तनाव, अनियमित दिनचर्या और बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारियों के बीच योग मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हो गया है।
उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से व्यक्ति शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त कर सकता है। आने वाले समय में वे योग प्रशिक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों को और अधिक व्यापक रूप से संचालित करेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग योग से जुड़कर स्वस्थ जीवन अपना सकें।