*महिला ईएमटी की तत्परता और सूझबूझ से नवजात शिशु की बची जान।*

*एंबुलेंस में सुरक्षित प्रसव,माँ बच्चा दोनों सुरक्षित।*
देवरिया। मंगलवार को भलवानी ब्लॉक के ठेकुआ गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर कार्यरत शीला (पत्नी–रुदल, उम्र 29 वर्ष) को दोपहर लगभग 12 बजे प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों ने तत्काल 102 एम्बुलेंस सेवा को कॉल किया। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस संख्या UP32EG6638 की टीम मौके के लिए रवाना हुई और कुछ ही मिनटों में मरीज के घर पहुंच गई।
एम्बुलेंस में तैनात ईएमटी रितिका विश्वकर्मा ने मरीज की गंभीर स्थिति का आकलन करते हुए तुरंत उसे एम्बुलेंस में शिफ्ट किया। प्रसव पीड़ा अत्यधिक तीव्र होने के कारण मरीज को घर से एम्बुलेंस तक लाने में काफी कठिनाई हुई, लेकिन ईएमटी की तत्परता से यह संभव हो सका। यह मरीज का चौथा प्रसव था और मौके पर केवल उसकी सास ही मौजूद थीं।
प्रारंभिक जांच में मरीज का ब्लड प्रेशर गिरता हुआ पाया गया और प्रसव की स्थिति अत्यंत गंभीर थी। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि सर्विक्स पूर्ण रूप से डाइलेट हो चुका है तथा शिशु का सिर दिखाई दे रहा है (क्राउनिंग)। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ईएमटी रितिका ने एम्बुलेंस को सुरक्षित स्थान पर रुकवाया और डिलीवरी किट की सहायता से सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन करते हुए एम्बुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया।
विशेष बात यह रही कि पूरी डिलीवरी ईएमटी रितिका विश्वकर्मा द्वारा अकेले ही सफलतापूर्वक कराई गई। जन्म के बाद नवजात को सांस लेने में थोड़ी परेशानी हुई, जिस पर तुरंत मुंह और नाक की सक्शनिंग की गई तथा अपगार स्कोर लिया गया, जिसके बाद शिशु की स्थिति सामान्य हो गई।
मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए ईएमटी द्वारा 102 एम्बुलेंस कंट्रोल रूम के ईआरसीपी डॉक्टर से संपर्क कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह ली गई। डॉक्टर द्वारा डीएनएस फ्लूइड, डेक्सामेथासोन इंजेक्शन, प्रत्येक 5 मिनट पर वाइटल्स मॉनिटरिंग तथा शीघ्र अस्पताल पहुंचने के निर्देश दिए गए।
सभी आवश्यक प्री-हॉस्पिटल उपचार प्रदान करते हुए मरीज एवं नवजात को सुरक्षित रूप से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मझगवाँ में भर्ती कराया गया।
यह घटना 102 एम्बुलेंस सेवा की त्वरित प्रतिक्रिया, ईएमटी की कार्यकुशलता और प्री-हॉस्पिटल इमरजेंसी मैनेजमेंट की उत्कृष्ट व्यवस्था को दर्शाती है। 102/108 एम्बुलेंस सेवा प्रदेश के लाखों लोगों के लिए जीवन रक्षक सेवा के रूप में निरंतर कार्य कर रही है।