महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। ज्येष्ठ माह के तीसरे बड़े मंगल के पावन अवसर पर समाजसेवी संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश यादव ने हनुमान मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और विश्व शांति की कामना की। इस दौरान उनके साथ उनके समर्थक एवं भारी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे। पूजन के उपरांत पत्रकारों से वार्ता करते हुए सुरेश यादव ने कहा कि वर्तमान समय में विश्व के कई देशों में अशांति और युद्ध जैसे हालात बने हुए हैं। ऐसे में संकटमोचन भगवान हनुमान एवं प्रभु श्रीराम से विश्व में शांति, आपसी भाईचारा और मानव कल्याण की प्रार्थना की गई है। उन्होंने कहा कि बड़े मंगल का यह पावन पर्व सेवा, भक्ति और लोककल्याण का संदेश देता है।
चार प्रमुख स्थानों पर हुआ भव्य भंडारा इसी सेवा भाव के क्रम में समाजसेवी संस्था की ओर से क्षेत्र के चार प्रमुख स्थानों— दर्शन नगर, बूथ नंबर-4, कूड़ा केशवपुर के पास भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं को श्रद्धापूर्वक प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरा माहौल हनुमान जी के जयकारों से गुंजायमान रहा और स्थानीय लोगों ने सुरेश यादव के इन धार्मिक व सामाजिक प्रयासों की जमकर सराहना की। नरियावा में अमित यादव के भंडारे में पहुंचे सुरेश यादव, चुनाव में समर्थन का किया ऐलान वहीं दूसरी ओर, अयोध्या विधानसभा क्षेत्र के नरियावा में समाजसेवी अमित यादव द्वारा एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सुरेश यादव शामिल हुए। इस दौरान राजनीतिक गलियारों से जुड़ी एक बड़ी बात कहते हुए सुरेश यादव ने ऐलान किया कि आगामी जिला पंचायत चुनाव में वह अमित यादव के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे तथा तन, मन और धन से उनका पूरा सहयोग करेंगे। ये गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित इस भव्य धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से डॉक्टर राजेश यादव, चिरंजीव हॉस्पिटल के राजेश यादव, विधायक प्रतिनिधि कृष्ण सागर पाल, अमरजीत यादव, समाजसेवी संस्था के सदस्य रामू यादव, शिवा यादव, दुर्गा माझी, कर्मवीर सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।