सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं की गूंज: मेंहदावल में विधायक, एसपी व एडीएम ने सुनी फरियाद

सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं की गूंज: मेंहदावल में विधायक, एसपी व एडीएम ने सुनी फरियाद

 

“जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता” — विधायक अनिल त्रिपाठी

 

तीनों तहसीलों में 222 शिकायतों की सुनवाई, 35 मामलों का मौके पर निस्तारण

 

जितेंद्र पाठक

 

संत कबीर नगर, जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से जनपद की तीनों तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। मेंहदावल तहसील में आयोजित कार्यक्रम में विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना तथा अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) जयप्रकाश की उपस्थिति में फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया।

इस अवसर पर विधायक अनिल त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संबंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जाकर शिकायतों का निष्पक्ष एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर अत्यंत संवेदनशील है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी जयप्रकाश ने प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद सहित अन्य मामलों में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर दोनों पक्षों की उपस्थिति में समाधान कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मेंहदावल तहसील में कुल 87 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 16 का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि 9 मामलों में स्थलीय निरीक्षण हेतु टीम गठित की गई। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने करते हुए थानाध्यक्षों को मौके पर जाकर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसी क्रम में धनघटा तहसील में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में 58 शिकायतों की सुनवाई हुई, जिनमें से 10 का तत्काल निस्तारण किया गया। वहीं खलीलाबाद तहसील में उपजिलाधिकारी हृदयराम तिवारी व क्षेत्राधिकारी प्रियमराजशेखर पाण्डेय द्वारा 77 मामलों की सुनवाई कर 9 का मौके पर निस्तारण किया गया तथा 6 मामलों में स्थलीय जांच के निर्देश दिए गए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जनपद की तीनों तहसीलों में कुल 222 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 35 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को राहत प्रदान की गई।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी प्रेमप्रकाश त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी अरुण कुमार, तहसीलदार अल्पिका वर्मा, रामाकांत चौबे, आनंद ओझा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, राजस्व कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।