एसआर इंटरनेशनल एकेडमी नाथनगर में मेधावियों का भव्य सम्मान, टॉपर्स के खिले चेहरे
बेटियों ने फिर मारी बाजी, शानदार प्रदर्शन से बढ़ाया जिले का मान
नई शिक्षण रणनीतियों से और निखरेगी प्रतिभा, प्रबंधन ने जताया भरोसा
जितेंद्र पाठक
संतकबीरनगर।सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में एसआर इंटरनेशनल एकेडमी, नाथनगर के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। गुरुवार को विद्यालय परिसर में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में मेधावियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश चतुर्वेदी ने टॉपर्स का मुंह मीठा कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह को संबोधित करते हुए राकेश चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों की सफलता को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल के बच्चों ने अपनी मेहनत और लगन से जो उपलब्धि हासिल की है, वह प्रेरणादायक है। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने की सलाह दी और शिक्षकों के योगदान की भी सराहना की।
परीक्षा परिणाम में छात्राओं ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थानों पर कब्जा जमाया। सावित्री सिंह ने 88.40% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं गौरी ओझा ने 87.20% अंकों के साथ द्वितीय और निदा फरहीन ने 86.80% अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा आदर्श कुमार, समीर अहमद, अंश राय, शिवानी यादव, हर्षित श्रीवास्तव और लवली राय ने भी उत्कृष्ट अंक हासिल कर टॉप-10 में स्थान बनाया।
डिप्टी डायरेक्टर मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि आगामी सत्र में नई शिक्षण नीतियों और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से छात्रों की प्रतिभा को और बेहतर ढंग से विकसित किया जाएगा। वहीं प्रिंसिपल दुर्गेश गोस्वामी ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर एसएन शुक्ला, हरिश्चंद्र यादव, इंद्रेश कुमार, धर्मेंद्र चौरसिया, राम गणेश, प्रेम प्रकाश पांडेय, कृष्णा मिश्र, महेंद्र कुमार चौधरी सहित समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और मेधावियों का उत्साहवर्धन किया।