नवोदय कक्षा-9 प्रवेश परीक्षा में मजगांवा विद्यालय का जलवा, श्वेता यादव ने हासिल की दूसरी रैंक
4 सीटों पर 756 अभ्यर्थियों की कड़ी प्रतिस्पर्धा में चमका संतकबीरनगर का प्रतिभा प्रदर्शन
लगातार चौथी बार प्रदेश में अव्वल रहा विद्यालय, विभिन्न परीक्षाओं में दर्जनों चयन
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। जनपद में शिक्षा के क्षेत्र में एक बार फिर मजगांवा बाजार स्थित मास्टर राम सुरेश चौरसिया के विद्यालय ने अपनी उत्कृष्टता का परचम लहराया है। 28 अप्रैल 2026 की शाम घोषित नवोदय विद्यालय कक्षा-9 प्रवेश परीक्षा के परिणाम में विद्यालय की छात्रा श्वेता यादव ने जनपद में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय व अपने परिवार का नाम रोशन किया।
गौरतलब है कि जनपद के नवोदय विद्यालय में मात्र 4 रिक्त सीटों के लिए 7 फरवरी 2026 को आयोजित प्रवेश परीक्षा में कुल 756 परीक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच इस विद्यालय की छात्रा का श्रेष्ठ प्रदर्शन शिक्षा की गुणवत्ता को दर्शाता है।
इस उल्लेखनीय सफलता का श्रेय विद्यालय के प्रबंधक एवं जिला पंचायत सदस्य मास्टर राम सुरेश चौरसिया ने प्रधानाचार्य बालवीर चौरसिया (छोटे खान सर) के कुशल नेतृत्व एवं समर्पित शिक्षकों की टीम को दिया। उन्होंने बताया कि नीरज सर, अंकुश सर, अजय सर, रविंद्र सर, बृजेश सर, ममता मैम, हेवांती मैम, अंशिका मैम, मनोज सर, संजय सर एवं पहलाद सर के मार्गदर्शन और मेहनत से यह उपलब्धि संभव हो सकी।
विद्यालय की यह उपलब्धि यहीं तक सीमित नहीं है। इसी शैक्षणिक सत्र में विद्यालय ने नवोदय कक्षा-6 में 18, अटल आवासीय विद्यालय कक्षा-6 में 34, नवोदय कक्षा-9 में 4, सैनिक स्कूल में 12 तथा सर्वोदय विद्यालय में 12 छात्रों का चयन कराकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। लगातार चौथी बार प्रदेश स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त कर विद्यालय ने अपनी शैक्षिक गुणवत्ता को सिद्ध किया है।
विद्यालय परिवार ने इस सफलता पर सभी छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।