50 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल: रेप-हत्या के आरोपी शुभम सोनकर के पैरों में लगी गोली, तमंचा बरामद
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ में रेप और हत्या के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश शुभम सोनकर को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना प्रतापगढ़ के मानिकपुर थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी शुभम सोनकर कौशांबी की ओर से प्रतापगढ़ आ रहा है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने कलेक्टर गंगा पुल के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। करीब रात 1:45 बजे पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया। गिरफ्तारी से बचने के लिए युवक ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी शुभम सोनकर के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल कुंडा सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।यह मामला मानिकपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से जुड़ा है, जहां शनिवार रात एक युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि शुभम सोनकर अपनी प्रेमिका से मिलने बाग में पहुंचा था, जहां उसके दो दोस्त भी मौजूद थे।आरोप है कि शुभम सोनकर ने पहले युवती से संबंध बनाए। इसके बाद उसके दोस्तों ने भी युवती से जबरन दुष्कर्म करने की कोशिश की। युवती द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपियों ने शव को आम के पेड़ पर लटका दिया था।सुबह जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो शव पेड़ से लटका मिला। घटनास्थल से युवती के कपड़े, चप्पल और अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के साथ दुष्कर्म और हत्या की पुष्टि हुई है।